बराला के नेतृत्व में निकला बाइक जत्था, चप्पे-चप्पे पर तैनात थी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
टोहाना। भाजपा की जींद रैली को लेकर प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला के नेतृत्व में सैंकड़ों की संख्या में काफिला रतिया रोड स्थित अनाज मंडी से रवाना हुआ। ब्रह्माकुमारीज सेंटर इंचार्ज बहन वंदना व बहन कौशल्या ने इस यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे पूर्व बहनों ने बराला की मोटरसाइकिल को तिलक लगाया तथा बराला को तिलक लगाकर व मुंह मीठा करवाकर रैली के लिए रवाना किया।
इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में रैली को लेकर जोश देखने को मिला। वहीं प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद रहा। बराला के यात्रा स्थल पहुंचने से पूर्व ही एसडीएम सरजीत नैन, डीएसपी जोगिंद्र शर्मा अपने तीन इंस्पेक्टर सहित पुलिस कर्मियों व पैरामिलिट्री फोर्स के साथ तैनात रहे। बराला की यह यात्रा रतिया रोड स्थित नई अनाज मंडी से रवाना हुई जिसको लेकर प्रशासन से पूरी मंडी को सील कर दिया तथा चप्पे पर पुलिस तैनात कर दी गई।
सुभाष बराला के साथ चल रही मोटरसाइकिलों का काफिला रतिया रोड स्थित अनाज मंडी से होकर ग्रीन पार्क, अंबेडकर रतिया रोड प्वाईंट, अंबेडकर चौक, एलआईसी रोड, वाल्मीकि चौक, शहीद चौक, नागरिक अस्पताल रोड, टाउन पार्क व नरवाना टी प्वाईंट पर पैरामिलिट्री फोर्स सहित हरियाणा पुलिस के जवान तैनात रहे। बराला की इस यात्रा की सुरक्षा डीएसपी जोगेंद्र शर्मा के नेतृत्व में एसएचओ प्रदीप कुमार, एसएचओ कुलदीप सिंह व एसएचओ सोमवीर ढाका के नेतृत्व में सैंकड़ों कर्मियों ने संभाली। इस दौरान पैरामिलिट्री, गुप्तचर विभाग, एसपी सिक्योरिटी सहित तमाम विभाग के आला अधिकारी अनाज मंडी से अपनी नजर बनाए हुए थे।
शाह की रैली के विरोध की घोषणा के बाद ही जिला उपायुक्त के आदेशानुसार तहसीलदार नवदीप नैन को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया। तहसीलदार नवदीप नैन इनेलो के विरोध को लेकर टाउन पार्क पहुुंचे जहां पुलिस कर्मी भी तैनात किए गए। इनेलो कार्यकर्ता रोड पर जाकर विरोध न करें इसको लेकर एक लंबी रस्सी लगाई गई, ताकि रास्ता बिल्कुल भी बाधित न हो। इस दौरान इनेलो नेताओं ने दूर से ही बराला की इस रैली को काले झंडे दिखाए जिसके बदले में भाजपा कार्यकर्ताओ ने भारत माता की जय और मोदी-खट्टर सरकार जिंदाबाद के नारे लगाते हुए आगे निकल गए।