अमर उजाला ब्यूरो
भट्टूकलां(फतेहाबाद)।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बुधवार को आयोजित महिला खेलकूद प्रतियोगिता में निधारित मानदंड से कम चौड़ाई की ट्रैक पर साइकिलें दौड़ाने का मामला सामने आया है। निर्धारित नियमानुसार ट्रैक की चौड़ाई पूरी नहीं होने के कारण प्रतिभागी अपनी पूरी प्रतिभा नहीं दिखा सके। बुधवार को यहां कम चौड़ाई के 8 ट्रैकों में 13 साईकिलें दौड़ाई गईं। जिससे कई प्रतिभागी तो शुरुआती दौर में ही पिछड़ गए। यह प्रतियोगिता राजकीय महाविद्यालय के खेल ग्राउंड में आयोजित की गई थी। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा खंड स्तरीय प्रतियोगिता के आयोजन के लिए ग्राउंड को पूरी तरह से तैयार नहीं कराया, जिसके कारण खिलाड़ियों को समस्या का सामना करना पड़ा। कॉलेज में अधूरे तैयार मैदान पर ही खेल करा दिए गए।
इस प्रतियोगिता में सबसे मुश्किल का दौर पांच किलोमीटर महिलाओं की साईकिल दौड़ का था। इन प्रतिभागियों को 400 मीटर ट्रैक में 12 राऊंड लगाने थे। इस प्रतियोगिता में 13 महिला प्रतिभागियों ने भाग लिया लेकिन 8 ट्रैक ही बने हुए थे। मजबूरन 13 प्रतिभागियों को 8 लाइनों के बीच में साईकिल दौड़ानी पड़ी।
पीटीआई मैना देवी ने बताया कि साईकिल दौड़ प्रतियोगिता के लिए प्रत्येक प्रतिभागी के ट्रैक की चौड़ाई 1 मीटर 22 सेंटीमीटर की होनी चाहिए। यहां तो यह चौड़ाई कम है। इस खेलकूद प्रतियोगिता के समापन समारोह में एसडीएम सतबीर सिंह ने बतौर मुख्यातिथि भाग लिया। इस प्रतियोगिता में पांच किलोमीटर साईकिल दौड़ में ज्योति रामसरा प्रथम, निशा ढाणी महताब द्वितीय, सुमन पीली मंदोरी तृतीय स्थान पर रही। आलू-चम्मच दौड़ में रोशनी जांडवाला प्रथम, लीलावती ठूईयां द्वितीय व कविता जांडवाला तृतीय स्थान पर रही।
100 मीटर दौड़ में सुदचेश पीलीमन्दोरी प्रथम, प्रमिला ढ़ाबीकलां द्वितीय, सुमोध चुलीकलां तृतीय स्थान पर रही। 300 मीटर दौड़ में राजा देवी ढिंगसरा प्रथम, पूनम ढिंगसरा द्वितीय व कल्पभनबत्र्रामसरा तृतीय स्थान पर रही। 400 मीटर दौड़ में राजादेवी ढिंगसरा प्रथम, कल्पना रामसरा द्वितीय व पूनम ढिंगसरा तृतीय स्थान पर रही। मटका दौड़ में रोशनी जाण्डवाला प्रथम, कविता जांडीवाला द्वितीय व लीलावती ठूईयां तृतीय स्थान पर रही।