फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

132 के.वी. लाइन टकराया, ट्रक में लगी आग

Sun, 08 Jun 2014 11:57 PM IST
fatehabad
विज्ञापन
विज्ञापन
 लुधियाना की ट्रांसपोर्ट कंपनी से सामान भरकर मध्यप्रदेश जा रहे ट्रक के गांव नलकाढ़ाणी के समीप रतिया-टोहाना मार्ग के ऊपर से गुजर रही 132 केवी लाइन में भिड़ जाने से ट्रक में भयंकर आग लग गई। ट्रक से बिजली की ताराें के छूते ही एक जोरदार धमाके के साथ ट्रक में आग लग गई। इस तरह देखते ही देखते कुछ ही पलों में ट्रक में लगी हुई इस आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया।
विज्ञापन


ट्रक में आग लगने के बाद चालक ने सजगता दिखाते हुए दुर्घटना स्थल के पास ही एक खेत में ट्यूबवेल को चलता देख ट्रक को वहां ले जाकर खड़ा कर दिया। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की दो गाड़ियाें ने आग पर काबू पाया। इस अग्निकांड में ट्रक में भरा हुआ लाखों का सामान जलकर राख हो गया।

 इस घटना के बाद गुस्साए किसानों ने रतिया-टोहाना मार्ग को भी जाम कर दिया। जानकारी के अनुसार ट्रक नंबर एच.आर.56 ए 1942 लुधियाना की एक ट्रांसपोर्ट कंपनी से सिलाई मशीन, साइकिल का सामान व रेडीमेड कपड़े भरकर मध्यप्रदेश राज्य की ओर जा रहा था। गांव नलकाढ़ाणी में शिवा प्रोटीन प्रोड्क्टस फैक्टरी के नजदीक सड़क के ऊपर से गुजर रही 132 के.वी. लाइन की तारों के काफी नीचा होने के कारण माल से भरा हुआ ट्रक इन तारों से भिड़ गया।
विज्ञापन


 ट्रक के बिजली की ताराें के साथ भिड़ते ही एक जोरदार धमाके के साथ ट्रक में आग लग गई। कुछ ही पलों में ट्रक में लगी हुई इस आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया। इस दौरान ट्रक के चालक ने अपनी सजगता का परिचय देते हुए ट्रक को पास के ही खेतों में ही चल रहे नलकूप की तरफ मोड़ दिया।

ट्रक में लगी इस आग को देखकर एकत्रित हुए आस-पास के किसानों व फैक्टरी कर्मियों ने अपने स्तर पर इस आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया। इस घटना की सूचना पाकर टोहाना दमकल विभाग की 2 गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गई। आग पर काबू पाने के बाद ग्रामीणों की सहायता से ट्रक में भरे हुए सामान को ट्रक से बाहर निकाला गया। लेकिन इस दौरान ट्रक में भरा हुआ लाखों का सामान आग की भेंट चढ़ चुका था।

गुस्साए किसानों ने किया रतिया-टोहाना मार्ग जाम
इस घटना से गुस्साए किसानों ने किसान सभा के तहसील प्रधान कामरेड कौर सिंह के नेतृत्व में रतिया-टोहाना मार्ग को पूरी तरह से जाम कर दिया। किसान अमीर धमीजा, पाश राम, जसपाल गोशा, कुलदीप सिंह, बलविन्द्र सिंह, जसपाल सिंह, रम्मी व संजय ने जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना बिजली विभाग की लापरवाही से ही हुई है। किसानों के अनुसार रतिया-टोहाना मार्ग से ऊपर से गुजर रही 132 के.वी. लाइन के तारें बिल्कुल ही नीचे हुई पड़ी है। जिस कारण से सड़क से वाहन गुजरने पर हमेशा तारों के साथ भिड़ने का भय बना रहता है।


 किसानों ने बताया कि इससे पहले भी इन नीचे लटक रही तारों के साथ भिड़ने से कई हादसे हो चुके है। रविवार जो हादसा हुआ है वह भी इन नीचे लटक रही तारों के कारण ही हुआ है। जाम के दौरान डटे हुए किसानों की मांग थी कि बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचकर जब तक नीचे लटक रही तारों को तुरंत ऊपर उठाने का आश्वासन नहीं देते, तब तक वह जाम नहीं खोलेंगे। इस जाम के दौरान रतिया-टोहाना मार्ग के दोनों तरफ वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई।


 इस घटना की सूचना पाकर अपने दल सहित मौके पर पहुंचे टोहाना सदर थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने रोड जाम किए हुए किसानों को समझाकर एवं आश्वस्त करते हुए जाम को खुलवा दिया। इसके बाद मौके पर पहुंचे विद्युत विभाग के एस.एस.ई. राजेन्द्र नैन ने किसानों की समस्या सुनने के बाद उन्हें आश्वासन देते हुए बताया कि वह अपने स्तर पर जितना भी तारों को ऊपर उठा सकते है उसके लिए वह अभी से कार्य शुरू करवा देंगे। उन्होंने किसानों को बताया कि इन तारों को सड़क से ऊपर उठाने के लिए एक ओर टावर लगाने के जरूरत है जिसके लिए उन्होंने उच्चाधिकारियों को लिखा हुआ है।


किसानों के सहयोग रहा सराहनीय
इस घटना के दौरान ग्रामीणों एवं किसानों का सहयोग सबसे अधिक सराहनीय रहा। किसानों के सहयोग से ही ट्रक में लगी भयंकर आग पर काबू पाना संभव हो सका। समय रहते इस आग पर काबू न पाया जाता तो ट्रक में भरे हुए सामान के साथ-साथ ट्रक ने भी अग्नि की भेंट चढ़ जाना था।

 खेतों में काम कर रहे मजदूरों ने भी इंसानियत का परिचय देते हुए माल से भरे हुए ट्रक को खाली करना शुरू कर दिया। अगर ट्रक में भरे हुए सामान को बाहर न निकाला जाता तो दमकल विभाग द्वारा आग पर पूरी तरह से काबू पाया जाना संभव ही नहीं था। किसानों के इस सहयोग की पूरे क्षेत्र में प्रश्ंासा की जा रही थी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें