सीएम विंडो पर मिली 4992 शिकायतें, 4602 का निपटान
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। उपायुक्त डॉ. जेके आभीर ने मंगलवार को लघु सचिवालय स्थित बैठक कक्ष में सीएम विंडो, सोशल मीडिया, हरपथ आदि महत्वाकांक्षी योजनाओं से संबंधी आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ओवर ड्यू हो चुकी सीएम विंडो तथा सोशल मीडिया पर प्राप्त शिकायतों का निपटान शीघ्रता से संबंधित विभाग के अधिकारी करना सुनिश्चित करे और उसकी रिपोर्ट सीटीएम व उपायुक्त कार्यालय में भिजवाएं।
उपायुक्त ने कहा कि वे सीएम विंडो, सोशल मीडिया पर आने वाली शिकायतों एवं समस्याओं पर तुरंत एक्शन लें। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग आपसी तालमेल बनाए और आने वाली शिकायतों का जल्द से जल्द निपटान करे। सीएम विंडो व सोशल मीडिया से संबंधित मिलने वाली शिकायतों के निपटान में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में नगराधीश राहुल मित्तल, सीएमजीजीए प्रियंका कंडोला ने संयुक्त रूप से बताया कि सरकार चाहती है कि शिकायतों का निवारण निर्धारित अवधि में ही कर लिया जाए। इसलिए दिए गए तय समय में इसका निपटान किया जाए। उन्होंने सीएम विंडो, हरपथ, स्वच्छता एप तथा सोशल मीडिया पर प्राप्त शिकायतों के निवारण बारे में विस्तार से तौर तरीके एवं टिप्स बताए। उन्होंने कहा कि इनसे संबंधित जो भी मामले एवं शिकायतों के निवारण बारे कोई भी दिक्कत आए तो वे सीटीएम व उनसे संपर्क कर सकते हैं। सीएमजीजीए ने अधिकारियों व कर्मचारियों से कहा कि वे शिकायतों के निवारण में देरी न करे। उन्होंने बताया कि अब तक जिला में सीएम विंडो पर 4992 शिकायतें प्राप्त हुई जिनमें से 4602 शिकायतों का निपटान विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा किया गया है तथा शेष बची समस्याओं का निवारण शीघ्रता से करें।