अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशानुसार राजस्थान में हो रहे विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत उन लोगों के लिए 7 दिसंबर का अवकाश रहेगा, जिनके नाम राजस्थान की मतदाता सूची में दर्ज है। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. जे के आभीर ने बताया कि फतेहाबाद की सभी फैक्ट्री, वाणिज्य संस्थान, औद्योगिक इकाईयां, व्यापारिक प्रतिष्ठान, दुकानें इत्यादि में काम करने वाले राजस्थान के मतदाताओं के लिए अवकाश घोषित किए जाने के निर्देश जारी कर दिए गए है, ताकि इनमें कार्यरत मतदाता अपने मत का उपयोग कर सके। इस संबंध में श्रम विभाग, हरियाणा द्वारा भी एक अधिसूचना जारी की गई है। डॉ. जे के आभीर ने बताया कि बेहतर लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए देश के प्रत्येक नागरिक को मत का अधिकार दिया गया है। इसलिए सभी मतदाता दूसरे त्योहारों की तरह ही मतदान के पर्व को भी मनाएं और अपना मत जरूर दें।