अमर उजाला ब्यूरो
टोहाना।
गांव लोहाखेड़ा की एक ढाणी के पास कार में आए एक तस्कर ने एक किसान के खेत में चूरापोस्त से भरी बोरी फेंक दी। किसान ने उसका पीछा भी किया, लेकिन कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने किसान की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में लोहाखेड़ा निवासी गुरमेज सिंह ने बताया कि वह अपनी ढाणी में खड़ा था। इसी दौरान वहां पर एक आई-टवेंटी कार आई। उसे शक हुआ तो वह कार की ओर चल पड़ा। उसने देखा कि कार चालक ने उसके मक्के के खेत में एक बोरी फेंकी है। उसने कार चालक को रूकने को कहा तो वह रुका नहीं और कार को भगाकर ले गया। उसने पीछा भी किया, लेकिन वह भागने में सफल रहा। इसके बाद उसने पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना पाकर सदर पुलिस मौके पर पहुंच गई और बोरी को चेक किया गया तो उसमें से 40 किलो 600 ग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज करके जांच आरंभ कर दी है।