अमर उजाला ब्यूरो
टोहाना।
हिसार रोड पर टाऊन पार्क के पास काटी जा रही अवैध कालोनी पर जिला नगर योजनाकार ने कार्रवाई करते हुए यहां पर बने निर्माणों को जेसीबी के माध्यम से गिरा दिया। इस दौरान किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस सुरक्षा भी मुस्तैद रही।
जिला नगर योजनाकार जिला योजनकार कर्मवीर झाझडिय़ा के अनुसार, इस कालोनी को काटने वाले मालिकों के नाम विभाग द्वारा आदेश जारी किए गए थे कि कालोनी को वैध करवाए तथा नियमों की पालना करे। उन्होंने कहा कि जब आदेशों की पालना नहीं की तो विभाग द्वारा उक्त मालिकों को नोटिस दिए गए, लेकिन जब नोटिस पर भी कार्रवाई नहीं की तो इस कालोनी के निर्माण को गिराने के लिए उनकी टीम पहुंची है। उन्होंने कहा कि आगे भी भविष्य में जिले में किसी भी प्रकार से अवैध कालोनियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस प्रकार की विभाग की कार्रवाई अन्य लोगों के लिए भी चेतावनी का काम करती है कि किसी भी प्रकार से अवैध निर्माण न करें। अधिकारियों के अनुसार जमीन के मालिक अनिल, विजय व राकेश द्वारा लगभग 19 कनाल व 2 मरले में इस कालोनी को काटा जा रहा था। उन्होंने कहा कि आम जनता को ऐसी अवैध कालोनियों के बारे में जागरूक रहना चाहिए कि वे जो मकान के लिए जमीन ले रहे हैं, कहीं वो कॉलोनी अवैध तो नहीं है। इस अवसर पर अस्टिेटेंट सुरेश कुमार, योगेश व पुलिस बल मौजूद था।