अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के तत्वावधान में स्थानीय न्यायिक परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस लोक अदालत में कुल 1916 मामले रखे गए जिनमें से 1279 मामलों का निपटारा किया गया और 39 लाख 19 हजार 867 रुपये की राशि समझौता के तौर पर वसूल की गई। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी राहुल बिश्नोई ने बताया कि प्री-लिटीगेशन के 962 मामलों की सुनवाई की गई, जिसमें से 937 मामलों का निपटारा किया गया और 91 लाख 654 रुपये की राशि जुर्माना व समझौता के तौर पर पास की गई। उन्होंने बताया कि प्री-लिटीगेशन मामलों में बैंक रिकवरी संबंधी 80 मामलों में से 56 का निपटारा व 91 लाख 654 रुपये की राशि का समझौता, राजस्व से संबंधी 874 मामलों में से 873 मामलों का निपटारा किया गया।
इसी प्रकार लंबित कोर्ट मामलों की सुनवाई करते हुए 954 मामलों में से 342 मामलों का निपटारा करते हुए 30 लाख 9 हजार 213 रुपये की राशि जुर्माना व समझौता के तौर पर पास की गई। लंबित कोर्ट मामलों में बैंक रिकवरी के 13 में से 2 का निपटारा तथा 10 लाख 52 हजार 233 रुपये का जुर्माना/समझौता, क्रिमिनल कंपाउंडेबल के 137 में से 42, एमएसीटी के 38 में से 9 तथा 16 लाख 30 हजार रुपये का जुर्माना/समझौता, एनआई एक्ट 138 के 75 में से 31 मामलों का निपटारा तथा 2 लाख 24 हजार 380 रुपये की राशि का जुर्माना/समझौता, अन्य सिविल केसों के 173 में से 80 सहित अन्य मामलों की सुनवाई करते हुए 461 मामलों में से 176 का निपटारा किया गया तथा 1 लाख 2 हजार 600 रुपये की राशि का जुर्माना के तौर पर पास की गई।