मांगें पूरी न होने पर डीसी ऑफिस पर सेवानिवृत्त कर्मचारियें ने दिया धरना
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
रिटायर्ड कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर फतेहाबाद के सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने उपायुक्त कार्यालय पर जिला स्तरीय धरने की शुरूआत की। सेवानिवृत्त कर्मचारी 7 दिसम्बर तक डीसी कार्यालय पर धरना देंगे और 7 दिसम्बर को उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा जाएगा। धरने की अध्यक्षता संघ के जिला प्रधान मदन लाल गुलेरिया ने की। धरने के प्रथम दिन भूना ब्लाक के सेवानिवृत कर्मचारियों ने भाग लिया। मंगलवार को फतेहाबाद व भट्टू ब्लॉक के कर्मचारी धरने में भाग लेंगे।
धरने को संबोधित करते हुए रिटायर्ड कर्मचारी संघ के जिला प्रधान गुलेरिया ने कहा कि सरकार द्वारा लगातार कर्मचारियों की सुविधाओं को खत्म करने का प्रयास किया जा रहा है। श्रम कानूनों को मालिकों के हक में पलटा जा रहा है। सेवानिवृत्त कर्मचारियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदान करने बारे तथा 70 वर्ष की आयु में पेंशन बढ़ोतरी की मांग सरकार द्वारा स्वीकार की जा चुकी है परंतु अभी तक इसे लागू नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि पिछले लगभग 6 वर्ष से रिटायर्ड कर्मचारी संघ अपनी मांगे मनवाने को लेकर संघर्षरत हैं परंतु सरकार द्वारा इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
केन्द्र सरकार के कर्मचारियों व पेंशनर को हजार रुपये चिकित्सा भत्ता दिया जा रहा है परंतु हरियाणा के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को मात्र 500 रुपये भत्ता दिया जा रहा है। सरकर द्वारा 3 हजार रुपये मासिक चिकित्सा भत्ता प्रदान करने, 65, 70, 75 व 80 वर्ष की आयु पर 5, 10, 15, 20 प्रतिशत पेंशन वृद्धि, कैशलेस सुविधा की सभी शर्तें समाप्त करने व पूरे परिवार पर लागू करने, कमुटेशन की वसूली 15 साल की बजाय 12 साल करने तथा सभी विभागों के पेंशनरों को 7वें वेतन आयोग का लाभ देने की मांग माने जाने तक आंदोलन जारी रहेगा और आंदोलन को ओर तेज किया जाएगा।
धरने को राज्य उपप्रधान मोमन राम, जोगिन्द्र सिंह भ्याना, प्रदेश संगठन सचिव दरबारा सिंह, जिला वरिष्ठ उपप्रधान मा. रामकुमार शर्मा, मा. ओमप्रकाश चौबारा, जिला कार्यकारिणी सदस्य महेन्द्र रत्ति, भूना ब्लाक कैशियर हरीश पसरीचा, सचिव राजकुमार, फतेहाबाद ब्लॉक प्रधान बेगराज, दलीप सिंह भट्टू ब्लाक प्रधान ने भी संबोधित किया। धरने को नगर पालिका कर्मचारी संघ के प्रधान ओमप्रकाश लोट, अध्यापक संघ के सचिव सुमेर आर्य, सर्व कर्मचारी संघ के प्रवक्ता सतीश जिलेदार, किसान नेता मलकियत सिंह, का. कृष्णस्वरूप ने भी समर्थन दिया।