फतेहाबाद। जिले में डीएपी खाद की कमी के बीच मंगलवार को एसबीआई रोड स्थित कृभको सेंटर पर 1300 बैग पहुंचे। खाद लेने के लिए 130 किसानों के कूपन काटे गए। सीमित आपूर्ति के चलते किसानों को अब भी अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है।
सेंटर पर डीएपी खाद पहुंचने की सूचना मिलते ही किसान खाद लेने पहुंचने लगे। वितरण के लिए किसानों के कूपन काटे गए। इसके बावजूद खाद की मांग और उपलब्धता में अंतर बना हुआ है। ऐसे में सभी किसानों को जरूरत के अनुसार खाद मिलना मुश्किल हो रहा है।
गेहूं की बिजाई का समय नजदीक आने के साथ किसानों की चिंता बढ़ रही है। किसानों को आशंका है कि समय पर डीएपी खाद नहीं मिलने से बिजाई प्रभावित हो सकती है। खाद लेने के लिए उन्हें घंटों कतारों में खड़ा रहना पड़ रहा है। सीमित मात्रा में खाद पहुंचने के कारण किसानों को अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है।
किसान बोले जरूरत ज्यादा, मिल रही कम
कृभको सेंटर पर डीएपी खाद लेने के लिए किसान रामकृष्ण, बलविंद्र, सुरेश कुमार, अमन, दलीप आदि का कहना है कि गेहूं की बिजाई से पहले खेतों में खाद डालना जरूरी होता है। ऐसे में समय पर खाद नहीं मिलने से खेती का काम प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है। खाद के लिए सेंटरों के चक्कर लगाने और लंबी कतारों में इंतजार करने से उनका समय भी बर्बाद हो रहा है। जिले में किसानों को जितनी उपलब्धता है उस हिसाब से खाद की सप्लाई नहीं आ रही है। जिस कारण उनको खाद लेने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है।
सेंटर पर करीब 1300 बैग डीएपी के पहुंचे थे जिनका वितरण किया गया है। सेंटर पर स्टॉक आने के बाद उसका वितरण किया जा रहा है।
- राजन, कृभको सेंटर इंचार्ज, फतेहाबाद।