फतेहाबाद। जिले में सड़क सुरक्षा के तहत चलाए गए 15 दिवसीय विशेष अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए 1500 वाहनों की जांच की। इस दौरान 130 वाहन चालक नशे की हालत में गाड़ी चलाते पाए गए। सभी के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है।
अभियान के दौरान पुलिस ने उन बुलेट बाइक पर भी शिकंजा कसा, जिनमें मोडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज (पटाखे जैसी) निकाली जा रही थी। ऐसी 20 बुलेट बाइक जब्त करते हुए चालकों पर कार्रवाई की गई है। इसके अलावा, बाइक पर तीन सवारी बैठाकर खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वाले 70 चालकों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाया गया है।
यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले अन्य वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की गई है। इनमें ब्लैक फिल्म लगी गाड़ियां, प्रेशर हॉर्न वाले वाहन और बिना नंबर प्लेट के वाहन शामिल हैं। ऐसे 50 चालकों को चालान किया गया और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है। पुलिस विभाग ने जिन चालकों द्वारा गंभीर उल्लंघन किए गए हैं, उनके ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की सिफारिश परिवहन विभाग को भेजी है। अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
-
ये अभियान जनता की जान-माल की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चलाया गया है। नशे में वाहन चलाना न केवल चालक के लिए, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता है। इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में ऐसे अभियानों को और अधिक सख्ती से जारी रखा जाएगा।
-सिद्धांत जैन, पुलिस अधीक्षक, फतेहाबाद।