अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
बोर्ड परीक्षा भले ही अंतिम दौर में पहुंच चुकी हो लेकिन परीक्षार्थियों द्वारा नकल करने के नए नए तरीके कम नहीं हो रहे। सोमवार को बारहवीं की संस्कृत के पेपर में बोर्ड चेयरमैन फ्लाइंग ने कुल 8 नकलची पकड़े। सोमवार को नकल करते हुए परीक्षार्थियों के तरीके देखकर एक बारगी तो खुद बोर्ड फ्लाइंग टीम ही हैरत में पड़ गई।
बोर्ड चेयरमैन फ्लाइंग टीम के अध्यक्ष बजरंग गोदारा ने बताया कि सोमवार को गांव पारता में उनकी टीम में शामिल शैलेंद्र, सरोज व सोनिया अरोड़ा ने तीन परीक्षार्थियों को नकल करते हुए काबू किया। इसमें एक छात्रा परीक्षा के दौरान अपने पास एक छोटा मोबाइल लेकर परीक्षा दे रही थी। इसी सेंटर में एक अन्य परीक्षार्थी ने अपने सूट पर ही संस्कृत के उत्तर लिखे हुए थे। इसी तरह भूना के गल्र्स स्कूल में बने परीक्षा केंद्र पर बोर्ड चेयरमैन फ्लाइंग टीम ने एक छात्र की शर्ट के कालर से पांच पर्चियां निकाली। इसके बाद गांव जांडलीकलां परीक्षा केंद्र पर पहुंची बोर्ड फ्लाइंग टीम ने फिर से चार केस पकड़े। इनमें एक केस तो सबसे अनूठा था। जांडलीकलां परीक्षा केंद्र पर एक छात्रा ने अपनी सलवार में घुटने के पास एक विशेष जेब बनाई हुई थी जिसमें 15 पर्चियां बरामद हुई। मंगलवार को बोर्ड परीक्षा का आखिरी दिन है और जिले की सभी फ्लाइंग टीमें मंगलवार को सारा दिन परीक्षा केंद्रों पर छापेमारी में जुटी रहेंगी।