फतेहाबाद। नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल रविवार को तीसरे दिन भी जारी रही। शहर में सफाई व्यवस्था को लेकर कर्मचारी भी आमने-सामने हो गए हैं। नगर परिषद अधिकारी सोमवार को कचरा उठवाने को लेकर प्लानिंग कर रहे हैं लेकिन इस बीच कर्मचारियों ने ईओ और सीएसआई को चेतावनी दी है कि अगर उन्होंने कोई छेड़खानी की तो कर्मचारी कार्यकारी अधिकारी के घर के बाहर धरना लगाकर उनका पुतला दहन करेंगे।
बता दें कि नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से शहर में 120 टन कचरा इकट्ठा हो गया है। यहां तक डोर टू डोर कचरा उठान भी बंद है। इसके चलते लोगों के घरों में भी कचरा जमा होने लगा है। नगर परिषद की 13 गाड़ियों से डोर टू डोर कचरा उठान होता है। बता दें कि नगर परिषद कर्मचारियों की हड़ताल से बस स्टैंड के सामने, भट्टू रोड पर सिवाच अस्पताल के सामने, बीघड़ रोड, पीएनबी बैंक के सामने, फव्वारा चौक, जवाहर चौक, पुराना एसडीएम कार्यालय के सामने आदि जगहों पर कचरे के ढेर लग गए है। इसके अलावा शहर के थाना रोड, धर्मशाला रोड, हंस मार्केट में सफाई न होने से सड़क पर भी कचरे के ढेर लग रहे है।
मांगे न मानी तो जिलेभर के कर्मचारी जा सकते हैं हड़ताल पर
नगरपालिका कर्मचारी संघ इकाई फतेहाबाद की बैठक प्रधान सतपाल परिहार की अध्यक्षता में हुई। मीटिंग में जिला वरिष्ठ उपप्रधान ओम प्रकाश लोट ने बताया कि नगर परिषद के मुख्य सफाई निरीक्षक व कार्यकारी अधिकारी शांतिपूर्वक चल रही हड़ताल को उग्र करने की कोशिश कर रहे है जोकि बिलकुल भी बर्दाश्त नहीं होगा। अगर मुख्य सफाई निरीक्षक और कार्यकारी अधिकारी ने हड़ताली कर्मचारियों के साथ कुछ छेड़खानी करनी चाही तो सभी कर्मचारी कार्यकारी अधिकारी के घर के बाहर धरना लगाकर पुतला दहन करेंगे। संघ के जिला कोषाध्यक्ष नरेश राणा ने बताया कि शनिवार को रतिया, भूना, जाखल व टोहाना में फतेहाबाद प्रशासन के अडिय़ल रवैया को लेकर गेट मीटिंग की गई थी। इसमें निर्णय लिया गया कि अगर सोमवार तक फतेहाबाद प्रशासन कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं करता तो जिला फतेहाबाद की पांचों कमेटियों के कर्मचारी दोपहर बाद शहर में उल्टी झाडू लेकर फतेहाबाद प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करेंगे। किसी भी अधिकारी ने अगर कर्मचारियों के दमन करने की कोशिश की तो पूरे जिले के कर्मचारी हड़ताल पर चले जाएंगे, जिसकी सारी जिम्मेवारी फतेहाबाद प्रशासन की होगी।
कोट
सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से कचरे के ढेर लगे है, सोमवार को वैकल्पिक व्यवस्था का प्रयास किया जाएगा। कर्मचारियों की हड़ताल खुलवाने का भी प्रयास जारी है। इसको लेकर पहले भी बैठक हो चुकी है।
-मुकेश शर्मा, मुख्य सफाई निरीक्षक