अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। आयुष विभाग फतेहाबाद की ओर से गांव ढिंगसरा में निशुल्क आयुष चिकित्सा शिविर का आयोजन ग्राम सचिवालय में किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक विजय प्रताप सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की जबकि ग्राम पंचायत ढिंगसरा के सरपंच अशोक जाखड़ विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक विजय प्रताप सिंह ने महिला दिवस की बधाई देते हुए रूढ़िवादी सोच व संकीर्ण मानसिकता को छोड़कर सुनहरे भविष्य के लिए आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बेहतरी का रास्ता बुराई से ऊपर उठकर ही शुरू होता है। युवाओं को नशा मुक्ति का संदेश दिया। शिक्षा प्राप्त करने के साथ-2 बुजुर्गों के अनुभवों से सीखने की प्रेरणा दी।
विशिष्ट अतिथि के रूप में सरपंच अशोक जाखड़ ने पूरी व्यवस्था पर नजर रखने के साथ-2 स्वयं हर कार्य में सहयोग किया। उन्होंने गांव को नशामुक्त बनाने के अपने संकल्प को दोहराया व रोजगार मेले की जानकारी दी। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. धर्मपाल पूनिया ने अतिथियों का धन्यवाद किया व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में योग का जीवंत प्रदर्शन किया गया। लोगों को योग व प्राणायाम के माध्यम से निरोग रहने का तरीका बताया गया। मंच संचालन डॉ. बलवान सिंह ने किया। डॉ. राजेश सरदाना ने ग्रामीणों को उचित खान-पान, दिनचर्या, ऋतुचर्या, घरेलू नुस्खों की जानकारी दी।