ट्रेन के आगे आकर युवक ने की खुदकुशी
अमर उजाला ब्यूरो
जाखल।
जाखल रेलवे स्टेशन के पास युवक ने ट्रेन के आगे आकर खुदकुशी कर ली। परिवार वालों ने युवक को मानसिक तौर पर परेशान होना बताया है। रेलवे पुलिस चौकी जाखल ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों के हवाले कर दिया है।
रेलवे पुलिस चौकी में सुबह करीब 5 बजे सूचना मिली तो पुलिस ने मौके पर छानबीन की तो पाया कि करीब 20-21 वर्षीय एक युवक ने ट्रैक के ऊपर लेट कर आत्महत्या की है। पुलिस जांच में पाया कि युवक ने दिल्ली की ओर जाने वाली 14626 एक्सप्रेस के आगे आकर जान दी। घटना की जांच करते हुए मृतक की पहचान के लिए पुलिस ने कार्रवाई की तो पाया कि मृतक 21 वर्षीय रवि निवासी पंजाब के चुड़ल कलां गांव का रहने वाला था। पुलिस ने मृतक के भाई विक्की व चाचा सुखविंद्र के ब्यानों को दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवा उसे परिजनों के हवाले कर दिया। चौकी प्रभारी दरिया सिंह ने बताया कि मृतक युवक के शव का पोस्टमार्टम करवा कर उसे परिजनों के हवाले कर दिया है।