अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग द्वारा जिला फतेहाबाद में 500 ग्रामीण और 50 शहरी क्षेत्र के लिए एलईडी सोलर स्ट्रीट लाइट लगवाने के प्रस्ताव आमंत्रित किए गए है, जिसके तहत एजेंसी, गैर वाणिज्यिक संस्थान-संगठन, जिला परिषद, नगरपालिका, नगर परिषद-निगम, समूह आवास सोसायटी, पंजीकृत कॉलोनी, ग्राम पंचायत और ब्लॉक समिति आदि लगवाने के पात्र होंगे।
अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. जेके आभीर ने बताया कि इस संयंत्र की कुल अनुमानित लागत 15000 रुपये है, जिस पर केंद्र सरकार द्वारा 4500 रुपये तथा प्रदेश सरकार द्वारा 4000 रुपये सब्सिडी के रूप में प्रदान करवाएगी। प्रत्येक लाईट को लगवाने के लिए लाभार्थी को लगभग 6500 रुपये देने होंगे। यह लाईट सूर्यास्त से सूर्योदय तक प्रकाश देने में सक्षम है। डॉ. आभीर ने बताया कि इच्छुक लाभार्थी कम से कम 20 सोलर स्ट्रीट लाइटों के प्रस्ताव और लाभार्थी अंश की लिखित सहमति के साथ लघु सचिवालय में स्थित अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय फतेहाबाद के कमरा नंबर 65 में 7 दिन के अंदर-अंदर जमा करवाएं।