कर्मचारी विरोधी नीतियों को लेकर 30 को देंगे गिरफ्तारियां
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। भाजपा सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के संयुक्त आह्वान व सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर आगामी 30 जनवरी को प्रदेशभर में उपायुक्त कार्यलयों पर सत्याग्रह आंदोलन चलाते हुए गिरफ्तारियां देंगे। हरियाणा एजुकेशन मिनिस्ट्रीयल स्टाफ एसोसिएशन के आह्वान पर स्थानीय खण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जिला स्तरीय बैठक प्रधान देवेंद्र लोरा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।
जिला प्रधान ने बताया कि राष्ट्रव्यापी जेल भरो आंदोलन में हरियाणा सरकार के सभी विभागों, बोर्डो, निगमों, विश्वविद्यालयों, निदेशालयों व सचिवालय में काम करने वाले सभी प्रकार के कच्चे व पक्के कर्मचारी भाग लेंगे। भाजपा सराकर दिन-रात कर्मचारियों से गुलामों की तरह काम लेकर वेतनमान मामले में भारी शोषण कर रही है। भाजपा सरकार चुनाव से पूर्व वादा किया था कि 1 नवम्बर 2014 से सभी कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, पंजाब की तर्ज पर वेतनमान, न्यूनतम वेतन 15 हजार रुपए तथा सरकारी विभागों में हर वर्ष 2 लाख बेरोजगारों को स्थाई नौकरी देंगे, लेकिन अब सरकार ने गिरगिट की तरह अपना रंग बदल लिया है तथा कर्मचारी मुददों पर झूठी बयानबाजी देकर वाहवाही लूटी जा रही है। सरकारी विभागों में काम करने वाले कच्चे कर्मचारियों से आठ घंटे की बजाए 12 या 13 घंटे काम लेकर उनका लगातार शोषण जारी है। सातवें वेतन आयोग में सरकार की रीढ़ कहलाने वाले मिनिस्ट्रीयल स्टाफ व पुलिस विभाग के कर्मचारियों को मात्र 845 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना तो दूर रहा उल्टा विभागों से निकालने का दौर जारी है। देवेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश के सभी नब्बे विधायक पंजाब की तुलना में दो गुणा ज्यादा वेतन लेकर जनता हितैषी बने हुए हैं जबकि मिनिस्ट्रीयल स्टाफ व पुलिस विभाग को पंजाब की तुलना में आधा वेतन दिया जा रहा है अब कर्मचारियों ने फैसला लिया है कि आगामी 30 जनवरी को राष्ट्रव्यापी जेल भरो आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लेंगे।