अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
अल्पसंख्यकों के लिए बहु क्षेत्रीय विकास कार्यक्रम के तहत जिले में प्रस्तावित विकास कार्यक्रमों को गांवों के स्थान पर खंड मुख्यालयों पर स्थापित किया जाएगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा लाभार्थियों तक इन विकास कार्यक्रमों का लाभ पहुंचे। गुरुवार को अल्पसंख्यकों के लिए बहु क्षेत्रीय विकास कार्यक्रम को लेकर अधिकार प्राप्त कमेटी की 135वीं बैठक के दौरान विभिन्न राज्यों के उच्चाधिकारियों तथा जिला उपायुक्तों के साथ आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में यह जानकारी दी गई।
इस अवसर पर उपायुक्त डॉ. हरदीप सिंह ने अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के अधिकारियों को जिले में अल्पसंख्यकों के लिए चल रहे विभिन्न कार्यों की प्रगति तथा आगामी कार्यों की रूपरेखा के संबंध में वस्तु स्थिति से अवगत कराया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में यह निर्देश दिए गए कि अल्पसंख्यकों के लिए बहु क्षेत्रीय विकास कार्यक्रम के तहत कराए गए निर्माण कार्यों का उपयोगिता प्रमाणपत्र निर्धारित प्रारूप पर आगामी 2 सप्ताह के भीतर भेजा जाएगा। इस अवसर पर 12वीं योजना के तहत विभिन्न कार्यों के लिए दूसरी किश्त जारी करने की भी मांग रखी गई।
उपायुक्त डॉ. हरदीप सिंह ने बताया कि वर्ष 2015-16 के तहत प्रथम किश्त के रूप में चार प्रोजेक्ट के लिए 18 करोड़ 53 लाख रुपये की राशि से होने वाले निर्माण कार्य प्रगति पर है, जबकि वर्ष 2016-17 के तहत निर्धारित कार्यों के लिए 6 करोड़ 77 लाख रुपये की राशि मंजूर की जा चुकी है। इन परियोजनाओं के तहत कक्षा-कक्ष, शौचालय तथा आंगनवाड़ी केंद्र जैसे विभिन्न कार्य कराए जाएंगे।