डेंगू का डंक का बढ़ रहा प्रकोप, एक की और मौत, अब तक छह लोग तोड़ चुके दम
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
जिले में डेंगू के डंक का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। टोहाना में पांच लोगों की मौत के बाद अब फतेहाबाद में डेंगू से पीड़ित एक युवक ने दम तोड़ दिया। बावजूद स्वास्थ्य विभाग डेंगू से बचाव के बजाय डेंगू से पीड़ित और होने वाली मौत के आंकड़े छिपाने में जुटा है। फतेहाबाद के युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डेंगू होने की पुष्टि हुई थी। इसके बाद उसे हिसार के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। शनिवार को गांव भिरडाना और रविवार को शहर निवासी युवक की डेंगू से मौत के बाद आसपास के लोगों में डेंगू के डंक का खौफ बना हुआ।
फतेहाबाद के नहर कॉलोनी निवासी प्रभजोत (27) मोबाइल कंपनी में काम करता था। प्रभजोत सिंह को कुछ दिन पहले बुखार हुआ था। टेस्ट करवाने पर डेंगू की पुष्टि हुई। इसके बाद उसको हिसार के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। पिछले कुछ दिनों से उसके प्लेटलेट्स लगातार कम होते जा रहे थे। रविवार सुबह प्रभजोत ने दम तोड़ दिया।
डेंगू से इन्होंने गंवाई जान
टोहाना में डेंगू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले 10 दिनों में अकेले टोहाना शहर में ही डेंगू के चलते चार लोगों की मौत हो चुकी है। गांव समैण में एक महिला की बुखार की वजह से मौत हुई है। डेंगू की चपेट में आने से टोहाना में अशोक, मिलन भाटिया, अमीर चंद्र गर्ग और नरेश ठकराल की मौत हो चुकी है।
जब मचा हड़कंप तो एक दो दिन हुई फॉगिंग
हजारों लोग इस दिनों डेंगू और वायरल बुखार की चपेट में आ चुके हैं। हैरानी इस बात की भी है कि टोहाना और फतेहाबाद में लगातार मौतों के बाद भी प्रशासन की नींद नहीं टूटी। टोहाना में तो अभी तक एक बार भी फॉगिंग नहीं हुई। सोशल मीडिया में मामला उठने के बाद नगर परिषद फतेहाबाद के कर्मचारियों ने एक-दो दिन तक शहर में फॉगिंग जरूर की थी। इसके बाद हालात फिर जस के तस हैं।