अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
आखिरकार सर्वसमाज के दबाव के आगे झुकते हुए इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की स्थानीय जिला इकाई ने रेप के आरोपी डा. जिम्मी जिंदल को संगठन से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। आईएमए के जिलाध्यक्ष डा. एमएम पाहवा ने इसकी पुष्टि की है। सर्वसमाज के दबाव की बात इसलिए भी सामने आ रही है कि बीते दिन आईएमए के पदाधिकारी पत्रकारों से बातचीत में संगठन में निलंबन व्यवस्था न होने और साथ ही डा. जिंदल के दोषी साबित होने के बाद ही आईएमए से उन्हें हटाने की बात कह रहे थे। लेकिन बीती सांय स्थानीय कृष्णा सेवा समिति धर्मशाला में हुई सर्वसमाज की बैठक के दौरान सभी चिकित्सकों के खिलाफ लिए गए कड़े फैसलों के बाद आखिरकार आईएमए की जिला इकाई बचाव की मुद्रा में आती दिख रही है।
आईएमए के जिलाध्यक्ष एमएम पाहवा ने रविवार सुबह जारी प्रेस बयान में जानकारी देते हुए बताया कि 29 अक्तूबर को सुबह दस बजे आईएमए एक्सक्यूटिव कमेटी की बैठक हुई जिसमें डा. जिम्मी जिंदल को तुरंत प्रभाव से आईएमए से निलंबित करने का फैसला सर्वसम्मति से लिया गया। इससे पहले सोशल मीडिया पर आईएमए का पक्ष रखते हुए डा. पाहवा ने लिखा कि बीते दिन अरोमा होटल में हुई आईएमए की बैठक के दौरान डा. जिम्मी जिंदल का पूरा मामला आईएमए की स्टेट बॉडी के पास भेज दिया गया था। रविवार सुबह स्टेट कार्यकारिणी से डा. जिंदल के निलंबन के आदेश मिलते ही जिला कार्यकारिणी ने तुरंत प्रभाव से उन्हें आईएमए से निलंबित कर दिया।
---------------------------------------
29एफटीबीपी19 : बीडीएस की छात्रा से रेप करने के आरोपी डा. जिम्मी जिंदल । (फाइल फोटो)