अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। गोसेवा आयोग के अध्यक्ष भानीराम मंगला ने कहा कि गत एक वर्ष में प्रदेश में 170 से अधिक गोशालाएं स्थापित की गई हैं, जिनमें लाखों की संख्या में गोवंश को आश्रय दिया गया है। वे सोमवार को गांव भोडा होशनाक में स्वामी सदानंद के कर-कमलों द्वारा उपायुक्त धीरेन्द्र खड़गटा और आयोग के उपाध्यक्ष विद्या सागर बाघला की उपस्थिति में 16 गोशालाओं के उद्घाटन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम स्थल पर ही पुलवामा में शहीद हुए जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित करने के लिए रेडक्रॉस की ओर से रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया।
इस दौरान मुख्य अतिथि ने हरियाणा में सोमवार को नव स्थापित गोशालाओं के लिए पांच-पांच लाख रुपये देने की भी घोषणा की। अध्यक्ष भानीराम मंगला ने कहा कि जिस उद्देश्यों व संकल्प के साथ हरियाणा सरकार ने गो संरक्षण व गो संवर्धन अधिनियम बनाया था, वह सभी लक्ष्य पूरे होते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसी वर्ष प्रदेश के सभी जिलों को एक-एक वाहन उपलब्ध करवाया जाएगा, जिन्हें गोशालाओं व गोवंश के कार्यों के लिए इस्तेमाल किया जा सकेगा।
उपायुक्त धीरेन्द्र खड़गटा ने कहा कि जिला के सभी गांवों में नंदीशाला और गोशाला स्थापित करने की दिशा में व्यापक योजना तैयार की जा रही है। इसके तहत योजनाबद्ध ढंग से कार्य किया जाएगा, ताकि गौवंश को पर्याप्त आश्रय मिल सके। उपायुक्त ने गोसेवा आयोग के अध्यक्ष भानीराम मंगला से इस दिशा में सहयोग की अपील की। इस अवसर पर पशुपालन एवं डेयरी विभाग के उप निदेशक डॉ. काशी राम, जिला गोसेवा संघ के प्रधान राम कुमार ढांड, समाजसेवी विनोद तायल, गोसेवक अशोक भुक्कर सहित भारी संख्या में विभिन्न गांवों के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।