पेंशन बहाल नहीं करने पर चुनावों में भुगतना होगा परिणाम : विजय
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। पेंशन बहाली संघर्ष समिति के फतेहाबाद जिलाध्यक्ष विजय के नेतृत्व में कर्मचारियों ने सिरसा लोकसभा क्षेत्र से सांसद चरणजीत रोड़ी को उनके आवास पर जाकर ज्ञापन सौंपा। पुरानी पेंशन बहाली के लिए जिला फतेहाबाद के सभी विभागों के पेंशन विहिन कर्मचारी एकजुट होकर भूना से बड़े जत्थे के रूप में सिरसा के लिए रवाना हुए। विजय ने बताया कि पुरानी पेंशन बहाली के लिए चल रहे राष्ट्रीय आंदोलन में सभी पेंशन विहिन कर्मचारी कूद चुके है। सभी पेंशन विहिन कर्मचारियों व अध्यापकों ने हुंकार भरी कि पेंशन हमारा हक है। उन्होंने कहा कि इन कर्मचारियों को 30-35 साल की सेवा देने के बाद भी 58 वर्ष की आयु में पेंशन से वंचित रखा जा रहा है वहीं एमएलए व एमपी 25 या 26 वर्ष की आयु में ही पेंशन का अधिकार पा लेता है। यह संविधान की मूल भावना के विपरीत है। राजनीतिक दलों ने मिलकर संसद में बिल पास कर कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन व्यवस्था बंद की और आज कर्मचारियों की हक की कमाई का पैसा शेयर बाजार में धक्के से लगाया जा रहा है। उनकी आर्थिक आजादी भी छीन ली है। कर्मचारियों ने सरकार व राजनीतिक व्यवस्था के प्रति भारी रोष प्रकट किया।
उन्होंने चेताया कि मौजूदा सरकार व अन्य राजनीतिक दलों ने यदि समय रहते पुरानी पेंशन बहाल नहीं की तो आगामी चुनावों में उनको गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। भूना से रवाना होने वाले जत्थे में पेंशन बहाली संघर्ष समिति के जिला संयोजक पुरुषोत्तम शर्मा, जिला महासचिव रमेश जांडली, जिला कोषाध्यक्ष महेंद्र नहला, प्रेस प्रवक्ता राजकुमार सिंगला, नरेश यादव, भूना ब्लॉक अध्यक्ष जसवंत बैजलपुर, ब्लॉक भूना कार्यकारिणी के सदस्य सूरजमल यादव, मुकेश जांगड़ा, राजीव, मंजीत, राजेश, पवन दहिया, विकास, दलीप भाखर सहित अनेक कर्मचारी शामिल रहे। भट्टू से भी एक जत्था भट्टू ब्लॉक के प्रधान संदीप सोनी के नेतृत्व में सिरसा के लिए रवाना हुआ जिसमें जिला उपप्रधान अजय बैनिवाल, सचिव पवन सागर, लीलूराम और अन्य कर्मचारी साथी शामिल रहे।