फतेहाबाद रोड पर वार्ड नंबर 2 के मनोज कुमार के घर के बाहर पिकअप गाड़ी में अवैध रूप मिले तेल की ज
भूना। फतेहाबाद रोड पर वार्ड 2 में एक घर से तेल की कालाबाजारी का मामला सामने आया है। बुधवार को पुलिस और खाद्य और आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने छापा डालकर घर में खड़ी पिकअप से अवैध रूप से 11 ड्रम डीजल तेल भरा मिला। इनमें लगभग 2400 लीटर तेल था। आरोपी मौके से गायब मिला।
पुलिस जांच कर रही है कि तेल चोरी का था या सरकारी स्तर पर उपलब्ध होता था। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने पाया कि घर के बाहर पिकअप गाड़ी में बड़ी मात्रा में तेल के भरे ड्रम छिपा कर रखे गए थे।
थाना प्रभारी ओमप्रकाश के अनुसार फतेहाबाद रोड पर वार्ड 2 के मनोज कुमार के पास न तो तेल संग्रहण का कोई लाइसेंस है और न ही बिक्री के लिए अनुमति है। मौके पर बुलाए गए खाद्य आपूर्ति निरीक्षक आशीष कुमार की मौजूदगी में सभी ड्रम सील किए गए और नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सस्ते दामों पर तेल खरीदता और उसे अवैध रूप से ऊंचे दामों पर बाजार में बेचता था। पुलिस ने मनोज कुमार के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ओमप्रकाश का कहना है कि यह एक संगठित तेल तस्करी नेटवर्क का हिस्सा भी हो सकता है। इसकी जांच की जा रही है।