स्वाइन फ्लू : 5 वर्षीय बच्ची समेत तीन नए मामले आए सामने, हड़कंप
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। जिले में लगातार बढ़ रहे स्वाइन फ्लू के मामलों से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। चार दिन पहले पुष्टि के लिए रोहतक पीजीआई भेजे गए 12 आशंकितों की रिपोर्ट मंगलवार को आ गई। पीजीआई से आई रिपोर्ट में 12 में से 3 मरीजों को स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है जिनमें एक 5 साल की बच्ची को भी स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। जिला महामारी अधिकारी डॉ. विष्णु मित्तल ने इसकी पुष्टि की है। मंगलवार को रिपोर्ट आते ही विभाग ने स्वाइन फ्लू पीड़ितों के इलाकों में जागरूकता अभियान चलाया।
विदित रहे कि जिले के टोहाना उपमंडल में पहले ही दो महिलाओं की स्वाइन फ्लू के कारण मौत हो चुकी है। विभाग के अधिकारी व कर्मचारी लगातार मास्क बांटकर व लोगों को उक्त बुखार के लक्षण व बचाव के उपाय बताकर जागरूक कर रहे हैं।
पीड़ितों के परिवार के सदस्यों को दी है दवाई : डॉ. मित्तल
जिला महामारी अधिकारी डॉ. विष्णु मित्तल ने बताया कि मंगलवार को जिन तीन मरीजों की पुुष्टि हुई है उनके परिजनों को स्वाइन फ्लू की दवाई दे दी गई है, तथा उनके इलाके में भी जागरूकता अभियान शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार लोगों को जागरूक कर रही है।
अब इन इलाकों मेें हुई पुष्टि
पिछले 15 दिनों से लगातार जिले में स्वाइन फ्लू के मरीज सामने आ रहे हैं। चार दिन पहले विभाग ने जिले के 12 आशंकित मरीजों की रिपोर्ट पुष्टि के लिए रोहतक पीजीआई भेेजी थी। मंगलवार को आई रिपोर्ट में जिन तीन मरीजों की पुष्टि हुई है उनमें शहर के भाटिया कॉलोनी के एक 40 वर्षीय व्यक्ति को, गांव बहबलपुर में एक बुजुर्ग महिला तथा गांव भोड़िया में एक 5 वर्षीय बच्ची को स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है।
लघु सचिवालय में भी बांटे मास्क
लगातार फैल रहे स्वाइन फ्लू के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मंगलवार को लघु सचिवालय में लोगों को मास्क बांटे तथा स्वाइन फ्लू के बारे जागरूक किया। इस दौरान डॉ. विष्णु मित्तल ने लोगों को बताया कि स्वाइन फ्लू से कैसे बचाव किया जा सकता है तथा इसके क्या लक्षण हैं। इसी के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लघु सचिवालय में भी जागरूकता अभियान चलाया और लोगों को मास्क बांटे तथा स्वाइन फ्लू के बारे जागरूकता इस्तिहार भी बांटे।
12 लोगों की रिपोर्ट भेजी गई थी जो मंगलवार को आई है। रिपोर्ट में तीन लोगों को स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है जिनमें एक 5 वर्षीय बच्ची शामिल है।
- डॉ. विष्णु मित्तल, जिला महामारी अधिकारी।