अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। बिजली निगम में कार्यरत कनिष्ठ अभियंताओं ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन के पांचवें चरण में सोमवार से दो दिवसीय हड़ताल शुरू कर दी है। एचएसईबी डिप्लोमा इंजीनियर एसोसिएशन के आह्वान पर फतेहाबाद और टोहाना के सभी जेई, सभी एसडीओ, एएफएम, लाईनमैन इंचार्जों ने सर्कल फतेहाबाद के प्रांगण में धरना देकर सरकार व निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। धरने की अध्यक्षता एसोसिएशन के सर्कल प्रधान उमाशंकर जेई ने की व संचालन गंगाराम जेई ने किया।
सर्कल प्रधान उमाशंकर जेई ने बताया कि एसोसिएशन ने समय रहते सरकार व निगम प्रशासन को अपनी मांगों से अवगत करवा दिया था परंतु निगम प्रशासन व प्रदेश सरकार के अड़ियल रवैये से एसोसिएशन के सभी पदाधिकारियों व सदस्यों में भारी रोष है। आंदोलन के पांचवें चरण के तहत उन्हें दो दिवसीय हड़ताल शुरू करने के लिए मजबूर होना पड़ा है। हड़ताल के दौरान दो दिन तक कोई भी जेई, एएफआई, लाइनमैन इंचार्ज द्वारा अपनी सेवाएं ठप रखी जाएंगी। इस दौरान वे न तो स्टोर से सामान निकालेंगे और न ही जमा करवाएंगे। किसी खराब ट्रांसफार्मर को न तो बदला जाएगा और न ही खराब लाईन को ठीक किया जाएगा। दो दिन तक पैन डाऊन, टूल डाऊन हड़ताल रहेगी। इससे जनता को होने वाली परेशानी के लिए निगम प्रशासन व सरकार जिम्मेवार होगी। उन्होंने सरकार व निगम प्रशासन से हरियाणा के विद्युत विभाग में कार्यरत जेईयों का पदोन्नति कोटा 35 प्रतिशत से बढ़ाकर 50 प्रतिशत करने, हरियाणा के जेई को टाईम बाऊंड स्केल प्रदान करने, पूरे भारतवर्ष में हरियाणा के जेई की तनख्वाह सबसे कम है, इसलिए इसे बढ़ाकर अन्य राज्यों के सापेक्ष करने, बिजली निगमों की वर्तमान कार्य दबाव के अनुसार पदों का सृजन करने की मांग की है। धरने को देसराज जेई, हनुमान जेई, नत्थूराम जेई, सुभाष जेई, राजेश कुमार एसडीओ आदि वक्ताओं ने संबोधित किया। इस अवसर पर फतेहाबाद व टोहाना से जेई देसराज, महेन्द्र सिंह, विनोद कुमार, रविन्द्र कुमार, विजय नापा सहित अनेक सदस्य मौजूद रहे।