नवरात्र के पहले दिन शनिवार को शहर के मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। लोगों ने देवी भगवती के पहले स्वरूप शैलपुत्री की पूजा की। मंदिरों में सुबह से लेकर देर रात तक भक्त मां भगवती की आराधना करते रहे। कई मंदिरों में भक्तों की लंबी लाइनें लगी हुई थीं।
तिकोना पार्क स्थित माता वैष्णव देवी मंदिर में सुबह आठ बजे ज्योति प्रचंड करके लोक मंगल एवं विश्व शांति की कामना की गई। ज्वाला जी से लाई गई ज्योति प्रचंड उद्योगपति आरके बतरा, मंदिर के प्रधान जगदीश भाटिया एवं महामंत्री इंद्रजीत सिंह सब्बरवाल ने की।
तिकोना पार्क स्थित काली मंदिर में भी भक्तों की भारी भीड़ जमा रही। यहां प्रधान राकेश कुमार के नेतृत्व में सुबह आठ बजे कलश स्थापना एवं ज्योति प्रचंड की गई। सूरजकुंड स्थित लक्ष्मी नारायण दिव्यधाम में नवरात्र के पहले दिन विधि विधान से देवी की आराधना हुई। सेक्टर-29 स्थित हरियाणा काली मंदिर में पंडित तरुण भट्टाचार्य ने विधि विधान से मां भगवती की पूजा शुरू कराई।
इसी प्रकार नाथी चौक ए ब्लाक स्थित मां दुर्गा मंदिर, तीन नंबर स्थित दुर्गा मंदिर, एचएच पांच स्थित दुर्गा मंदिर, जवाहर कलोनी स्थित जगदंबा मंदिर, ओल्ड फरीदाबाद पथवारी मंदिर सहित शहर भर के मंदिरों में लोगों ने मां भगवती की पूजा की। एसजीएम नगर स्थित पटेल चौक पर स्वास्तिक ज्योतिष केंद्र की ओर से नवचंडी महायज्ञ की शुरुआत की गई।