शहर में चोरी की वारदात बढ़ती जा रही है। शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चार जगह ताला तोड़कर लाखों रुपये का सामान साफ कर दिया।
मामला नंबर-1: जेवरात, टीवी चोरी
- ग्रीन फील्ड कॉलोनी निवासी जितेंद्र ने थाना सूरजकुंड पुलिस को बताया कि 11 से 14 अक्तूबर के बीच वह किसी काम से बाहर गए हुए थे। जब वह घर लौटे तो मकान का ताला टूटा हुआ था। आरोप है कि चोर उनके घर से जेवरात व एलसीडी टीवी चोरी कर ले गए हैं।
मामला नंबर-2: लैपटॉप व नकदी साफ
- संजय कॉलोनी निवासी चंपक कुमार ने थाना सेक्टर-55 पुलिस को बताया कि मंगलवार को 1.10 बजे चोर उनके घर में घुस आया। उसने अंदर रखा लैपटॉप व 2500 रुपये चोरी कर लिया।
मामला नंबर-3: मोबाइल फोन उड़ाया
- एसजीएम नगर/ए ब्लॉक निवासी रजनीश सिंह ने थाना एसजीएम नगर पुलिस को बताया कि मंगलवार को चोरों ने उनके घर में घुसकर लैपटॉप व मोबाइल फोन पर हाथ साफ कर दिया।
मामला नंबर-4 : कंप्यूटर व पंखा चोरी
- एनएच-पांच निवासी राहुल ने थाना एसजीएम नगर पुलिस को बताया कि उसका एनएच-तीन में चिमनी बाई धर्मशाला के पास फूड एडिक्शन के नाम से होटल है। 12 अक्तूबर को वह रोजाना की तरह रात को अपना होटल बंद करके घर चला गया। किसी कारणवश उसने तीन दिन तक अपना होटल नहीं खोला। जब वह मंगलवार सुबह होटल पर पहुंचा तो देखा कि होटल के पीछे का दरवाजा टूटा हुआ था।
राहुल के मुताबिक चोर होटल में घुसकर कंप्यूटर, एक पंखा व एक रिक्शा चोरी कर ले गए हैं।
चोरी की कार के साथ एक आरोपी काबू, दो फरार
फरीदाबाद (ब्यूरो)। सीआईए सेक्टर-30 पुलिस टीम ने मंगलवार शाम थाना सेक्टर-31 क्षेत्र में बाईपास रोड पर एम्मादपुर के नजदीक कार के साथ खडे़ एक युवक को गिरफ्तार किया है। जबकि उसके दो साथी पुलिस को देखकर फरार हो गए। पुलिस को सूचना मिली थी कि ये आरोपी चोरी की कार को बेचने के लिए यहां आए हैं। पकड़े गए आरोपी रमन ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वह दिल्ली के साउथ एक्सटेंशन पार्ट-एक में रहता है।
पुलिस ने उसके कब्जे से दिल्ली से चोरी की गई एक कार बरामद की है। जिसका मामला दिल्ली के थाना सफदरजंग एंक्लेव में दर्ज है। उसने फरार साथियों के नाम यूपी के जिला मथुरा निवासी प्रदीप व बाबू बताया है। पुलिस ने फिलहाल रमन को गिरफ्तार करते हुए तीनों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।