हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से 12वीं कक्षा के प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं कराने के लिए 61 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसकी सूचना जिला शिक्षा अधिकारी को सौंप दी गई है।
15 अक्तूबर से शुरू होने वाली परीक्षाओं की तैयारियों को बोर्ड ने अंतिम रूप दे दिया है। इसी के चलते रविवार को परीक्षा केंद्रों पर तैनात सभी केंद्र अधीक्षकों को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर सुबह 9 बजे बुलाया गया था। जहां परीक्षा संबंधी सामग्री का वितरण किया गया। केंद्र अधीक्षकों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो, इसके लिए जिला शिक्षा अधिकारी राजीव अरोड़ा व हरियाणा स्कूली लेक्चरर एसोसिएशन (हसला) के जिला अध्यक्ष रामबीर भी उपस्थित रहे।
बोर्ड अधीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि बोर्ड ने इस बार दो प्रकार की सामग्री केंद्र अधीक्षकों को सौंपी है। इसमें स्पष्ट किया गया है कि जिस परीक्षा केंद्र पर 20 से कम परीक्षार्थी शामिल होते हैं उनकी उत्तर पुस्तिकाओं को बोर्ड की ओर से सौंपे गए खाली लिफाफे में पैक किया जाए। बाकी कॉपी सीधे बस्ते में पैक होंगी।