क्राइम ब्रांच बड़खल ने पुलिस टीम पर फायरिंग करने और शहर में दस से अधिक चोरी करने के आरोप में सगे भाई सुरेंद्र कुमार, विजय कुमार, उनके साथी आनंद उर्फ मामे व शम्मी को गिरफ्तार किया है। टीम ने उनके पास से चोरी के कैमरे, जेवर, डॉलर और औजार बरामद किए हैं।
गिरोह का सरगना सुरेंद्र मूल रूप से पालावास, रेवाड़ी का रहने वाला है। क्राइम ब्रांच इंचार्ज अनिल कुमार के मुताबिक गिरोह बंद घरों को निशाना बनाता था। विजय कुमार और शम्मी दिन में उन घरों की तलाश करते थे, जिनके दरवाजे पर दो तीन दिन के अखबार पड़े होते थे।
रात में सुरेंद्र और आनंद घर में घुसते थे जबकि विजय और शम्मी बाहर पहरा देते थे। 28 फरवरी को सेक्टर आठ के एक घर में चोरी का प्रयास करने के दौरान लोगों ने इन्हें घेर लिया था। यह लोग हवाई फायरिंग कर वहां से फरार हुए थे।
घटना के बाद से पीछा कर रहेे एसएचओ सेक्टर सात भरत सिंह और उनकी टीम पर भी इन्होंने फायर किया था। शुक्रवार रात मुखबिर की सूचना पर इन्हें मुजेसर फाटक के पास से पकड़ा गया था। पूछताछ में इन्होंने सेक्टर सात, मुजेसर, तिगांव और सारन थाना क्षेत्र में चोरी की दस वारदात अंजाम देना कुबूल किया।
सरगना सुरेंद्र ने बताया कि उनके गिरोह को कई बंद घरों में कुछ भी नहीं मिला। बड़ा हाथ मारने के लिए उन्होंने एटीएम काटने का प्लान बनाया था। एटीएम को ढोने के लिए मारुति ईको कार खरीदी गई। काटने के लिए गैस कटर भी खरीद लिया गया। कुछ और बड़े औजार खरीदने केे लिए घर में चोरी करने की तैयारी कर रहे थे कि पुलिस के हत्थे चढ़ गए।