फरीदाबाद। ऑटो चालकाें की किराया बढ़ोतरी की मनमानी के आगे जिला ऑटो यूनियन ने घुटने टेक दिए हैं। यूनियन की अनुमति के बगैर किराया बढ़ाए जाने पर आपत्ति कर रही जिला ऑटो यूनियन ने शुक्रवार को दशहरा ग्राउंड में बैठक कर किराया बढ़ाने का निर्णय ले लिया।
सरकार द्वारा डीजल रेट में पांच रुपये की बढ़ोतरी किए जाने के बाद ऑटो चालकाें ने 17 सितंबर से अलग-अलग रूटाें पर किराये में दो से तीन रुपये की बढ़ोतरी कर दी थी, जिसेे लेकर यात्रियाें की ऑटो वालाें सेे नोकझाेंक भी हुई थी, जबकि ऑटो यूनियन लगातार किराये में बढ़ोतरी की बात को मना कर रही थी। लेकिन शुक्रवार को दशहरा ग्राउंड में हुई बैठक के बाद यूनियन ने ऑटो चालकाें के सामने घुटने टेक दिए। यूनियन ने डीजल रेट में बढ़ोतरी को ढाल बनाते हुए बढ़े किराये पर अपनी सहमति दे दी। यूनियन के अनुसार, अब कम से कम दूरी का किराया नौ रुपये हो गया। जिला ऑटो यूनियन के प्रधान वासुदेव आहेरिया ने बताया कि बढ़ती महंगाई को देखकर यूनियन की तरफ से यह फैसला लिया गया। इसके अलावा प्रशासन के सामने कई मांगाें को भी रखा गया है, जिन्हें जल्द से जल्द पूरा करने की मांग की गई है।