एनएच-पांच स्थित नर्सिंग स्कूल ने सोमवार को नौ नर्सिंग छात्राओं (एएनएम- ऑक्जीलरी नर्स मिडवाइफरी) का एडमिशन रद्द कर दिया। गुस्साए परिजन अपनी समस्या लेकर सोमवार को सिविल सर्जन कार्यालय पहुंचे। यहां से भी संतोषजनक जवाब नहीं मिलने के कारण परिजनों ने जिला उपायुक्त कार्यालय में शिकायत दी है।
सोमवार को स्वास्थ्य मुख्यालय द्वारा नर्सिंग कोर्स के लिए चयनित छात्राओं की दूसरी सूची जारी की गई, जिसके बाद स्कूल में छह नवंबर से पढ़ रहीं नौ छात्राओं लक्ष्मी, गीता, कविता, सोनूबाला, रचना शर्मा, शालू, अंशू रानी, मंजू एवं गीता के प्रवेश रद्द हो गए। छात्रा लक्ष्मी के पिता जगदीश सिंह ने बताया कि नर्सिंग स्कूल की ओर से प्रवेश पक्का किया गया था। इसके बाद लड़कियां छह नवंबर से पढ़ाई कर रही थीं। पहली सूची में सभी नौ छात्राओं के नाम हैं। छात्रा गीता के पिता अमृत लाल ने बताया कि पढ़ाई शुरू करवाकर एडमिशन रद्द कर देना सही नहीं है।
कविता के पिता प्रेमचंद ने बताया कि इस बारे में जब मुख्यालय संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि ऑनलाइन प्रक्रिया के कारण गलती हुई है। लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि एडमिशन रद्द माना जाएगा। इसके बाद गुस्साए परिजन बीके अस्पताल सिविल सर्जन कार्यालय गए, जहां से उन्हें मुख्यालय जाने के लिए कहा गया। छात्रा सोनूबाला के पिता ज्ञान सिंह ने बताया कि मामले की शिकायत डीसी कार्यालय में दी गई है। स्कूल की प्रिंसिपल सुदेश कुमारी चावला ने बताया कि जो फीस जमा हुई उसे वापस कर दिया जाएगा। नए बच्चों में कोई प्रवेश नहीं लेता है तो इन छात्राओं को उसमें जगह दी जाएगी।