महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी (एमडीयू) की सेमेस्टर परीक्षा की विद्यार्थियों की पोल पहले ही दिन खुल गई। सेक्टर-16 स्थित पंडित जवाहर लाल नेहरू कॉलेज को पता ही नहीं था कि शनिवार को कोई परीक्षा है।
प्रथम पाली के परीक्षार्थी पहुंचे तो इसका पता चला। इसके बाद आनन-फानन में इंतजाम किए गए तो भी परीक्षा करीब डेढ़ घंटे देरी से शुरू हुई। इस दौरान परीक्षार्थियों ने हंगामा भी किया।
शनिवार सुबह नौ बजे से बीएससी बायोटेक सहित अन्य विषयों की परीक्षा होनी थी। एमडीयू के ऑनलाइन शेड्यूल में तो यह जानकारी थी, लेकिन कॉलेजों को भेजे गए शेड्यूल में बायोटेक की परीक्षा का जिक्र ही नहीं था।
ऐसे में कॉलेजों में विद्यार्थियों के लिए कोई बंदोबस्त नहीं किया गया था। वहीं कई विद्यार्थियों को इस परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड भी जारी नहीं किया गया था। उन्हें कॉलेज में प्रवेश से भी रोक दिया गया। इसके विरोध में परीक्षार्थियों ने हंगामा शुरू कर दिया। इसकी सूचना मिलते ही कॉलेज प्रशासन हरकत में आया और तहकीकात की।
शनिवार सुबह बीएससी बायोटेक की परीक्षा आयोजित होने की जानकारी से कॉलेज प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। आनन फानन में एनआईटी तीन स्थित डीएवी शताब्दी कॉलेज में एमडीयू की नोडल एजेंसी पर संपर्क कर विषय से संबंधित प्रश्न-पत्र मंगवाए गए।
विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई। परीक्षा करीब 10:30 बजे शुरू हो सकी। इस बारे में कॉलेज की प्राचार्य डॉ. संतोष कुमारी ने कहा कि अव्यवस्था एमडीयू की वजह से फैली है।