ईडी के रेड में बरामद हथियार और कैश
- फोटो : अमर उजाला
खनन कारोबार से जुड़े नेताओं पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच शुक्रवार को भी जारी रही। यमुनानगर से इनेलो के पूर्व विधायक दिलबाग सिंह और उनके करीबियों के घर व प्रतिष्ठानों से पांच करोड़ रुपये नकद, सोने के तीन बिस्कुट, विदेशी शराब की 138 बोतलें, पांच विदेश निर्मित हथियार (बंदूक व राइफल) और 304 कारतूस बरामद हुए हैं। हथियारों और विदेशी शराब के लाइसेंस नहीं दिखा पाने पर दिलबाग सिंह के खिलाफ प्रतापनगर थाने में आर्म्स और आबकारी एक्ट में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं।
ईडी अवैध खनन और मनी लांड्रिंग मामले की जांच कर रही है, जिसमें अवैध रूप से खनन करके करोड़ों रुपये को वैध करने की आशंका है। ईडी ने सोनीपत से कांग्रेस विधायक सुरेंद्र पवार, इनेलो महासचिव अभय चौटाला के समधी पूर्व विधायक दिलबाग सिंह, करनाल में भाजपा नेता मनोज वधवा और फरीदाबाद में कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष के भाई एसके ओझा के घर और प्रतिष्ठानों समेत कुल 20 जगह गुरुवार सुबह सात बजे छापा डाला था।
सोनीपत, यमुनानगर और करनाल में ईडी की जांच शुक्रवार देर रात तक जारी रही। दिलबाग सिंह और उनसे जुड़े लोगों के देश-विदेश में संपत्ति होने के दस्तावेज भी मिले हैं। ईडी की टीमों ने यमुनानगर में बरामद सामान को के प्रतापनगर थाने में जमा करा दिया है। प्रतापनगर थाना प्रभारी जसबीर सिंह ने बताया कि पूर्व विधायक के परिवार के फैजपुर गांव स्थित फार्म हाउस से बरामद हथियारों और शराब की जांच की जा रही है।
काला राणा के भाई से भी दिलबाग का विवाद
गैंगस्टर काला राणा के भाई के साथ भी दिलबाग सिंह का विवाद रहा है। गैंगस्टर काला राणा के भाई नोनी से भी उनके परिवार का विवाद चल रहा है। गैंगस्टर काला राणा ने दिलबाग सिंह के भाई पर गोलियां चलवाई थीं। दिलबाग सिंह इनेलो की सरकार के समय खनन कारोबार में ज्यादा सक्रिय हुए। उधर, ईडी ने जिन स्थानों पर छापा डाला है, वहां-वहां सीआरपीएफ के सैनिकों को तैनात हैं। किसी को भी अंदर-बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। यहां तक स्थानीय खुफिया तंत्र को भी ईडी की कार्रवाई से दूर रखा गया है।
विधायक के आवास पर ईडी का डेरा, आज हो सकता है खुलासा
सोनीपत से कांग्रेस विधायक सुरेंद्र पंवार के सेक्टर-15 स्थित आवास और अन्य स्थानों पर ईडी की टीम 32 घंटे से डटी हुई है। हालांकि अभी तक किसी तरह का खुलासा नहीं किया गया है। ईडी की टीम ने दस्तावेजों की फोटोस्टेट के लिए शुक्रवार को एक मशीन मंगवाई, जिसे शाम को वापस भेज दिया गया। आशंका जताई जा रही कि जिस प्रकार से दो दिनों से टीमें दस्तावेज खंगाल रही है, इससे विधायक की परेशानी बढ़ सकती हैं। सूत्रों के अनुसार ईडी शनिवार को मनोज वधवा और सुरेंद्र पंवार के यहां मिले सामान का खुलासा कर सकती है।