स्कूल से आधी छुट्टी में घर लौट रही दसवीं कक्षा की दलित छात्रा से एक युवक ने दुराचार किया। घटना दस दिन पहले की है। पुलिस ने रविवार को पीड़िता के पिता की शिकायत पर दुराचार, एससीएसटी एक्ट, जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया है।
मामला प्रकाश में आने के बाद सफीदों के डीएसपी ने घटना स्थल का जायजा लिया और पीड़िता का सामान्य अस्पताल में मेडिकल कराया। आरोपी युवक सरपंच का बेटा है।
अलेवा थाना पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता के पिता ने बताया कि उसकी 16 वर्षीय बेटी दसवीं कक्षा की छात्रा है। 25 सितंबर को वह आधी छुट्टी होने पर स्कूल से घर वापस लौट रही थी। उसी दौरान आरोपी राजकंवल उसकी बेटी को एक कमरे में ले गया और उसके साथ दुराचार किया।
छात्रा ने घर पहुंचकर परिजनों को घटना के बारे में बताया। पीड़िता के पिता ने आरोपी युवक के घर जाकर शिकायत की तो पीड़िता के परिजनों को आरोपियों ने बुरा अंजाम की धमकी दी। बाद में लड़की की बदनामी होने का भय दिखाकर समझौता करने के लिए दबाव डाला गया।
लेकिन आरोपी युवक के परिजनों द्वारा धमकी दिए जाने का सिलसिला बंद नहीं हुआ। आखिरकार छात्रा का पिता अलेवा थाने पहुंचा और युवक के खिलाफ शिकायत दी। दलित छात्रा से दुराचार का मामला होने के कारण सफीदों के डीएसपी वीरेंद्र सिंह ने गांव जाकर घटना स्थल का जायजा लिया।
आरोपी युवक सरपंच का बेटा है। अलेवा थाना प्रभारी सतप्रकाश ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी युवक की धरपकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है।