हरियाणा सरकार की ओर से करवाए गए सीरो सर्वे में करीब 90 फीसदी लोगों में कोरोना का कोई लक्षण नहीं मिला। ये लोग पूरी तरह फिट पाए गए। जांच के दौरान 54 लोगों ने कोई जानकारी नहीं दी। जबकि 44 यानि 5.2 फीसदी लोगों में ही कोरोना वायरस के लक्षण मिले थे। सीरो सर्वे की रिपोर्ट को सार्वजनिक कर दिया गया है। अगस्त में करवाए गए इस सर्वे में लोगों से उनके शरीर में 30 दिन पहले की स्थिति की जानकारी जुटाई गई है। सर्वे के दौरान ब्लड सैंपल भी लिए गए थे। उनकी जांच के बाद ही इस रिपोर्ट के आने का दावा किया जा रहा है।
884 लोगों का जुटाया गया डाटा
सीरो सर्वे में अंबाला के 884 लोग शामिल किए गए थे। इसमें शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के युवा, महिलाएं व पुरुष थे। जांच में 392 पुरुष व 477 महिलाएं थी जबकि 15 ने जांच में अपने लिंग का जिक्र नहीं किया है। सर्वे के दौरान 858 लोगों ने ही अपनी पारिवारिक स्थिति की जानकारी दी जबकि 17 ने ऐसी जानकारी देने से मना कर दिया। नौ ने फार्म में इस बात का जिक्र ही नहीं किया। जांच में ड्राइवर से लेकर सरकारी नौकरी पेशा, स्वास्थ्य कर्मचारी, पुलिस, बाहरी व स्थानीय मजदूरों के साथ दुकानदारों को भी शामिल किया गया था।
इन इलाके से लिए गए सैंपल
स्वास्थ्य विभाग की ओर से सिटी के अमन नगर, बादशाही बाग कॉलोनी, बलदेव नगर, बंद फाटक, चौड़मस्तपुर, जैतपुरा, जोधपुर, कंचघर, कुष्ठ आश्रम, मिलापनगर, मुस्लिम बस्ती, नन्यौला, नग्गल, न्यू लक्की नगर, नारायणगढ़ के बड़ागढ़, बड़ी बस्सी, निशात बाग, पतरेहड़ी, पिलखनी, सेक्टर-8 की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, शहजादपुर, तारा नगर, बिलपुरा, खुर्चनपुर गांव से लोगों के ब्लड सैंपल लिए गए थे।