फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कांग्रेस ने करवाया दक्षिणी हरियाणा का विकास : हुड्डा

Sun, 05 Jan 2014 10:08 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/रेवाड़ी
विज्ञापन
विज्ञापन
रेवाड़ी में हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कोसली के जैनाबाद में पूर्व मुख्यमंत्री राव बीरेंद्र सिंह के नाम पर 34 करोड़ रुपये से बनने वाले राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के भवन का शिलान्यास किया।
विज्ञापन


हुड्डा ने कहा कि दक्षिणी हरियाणा के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं शुरू की गई हैं। मेवात में मेडिकल कॉलेज, रेवाड़ी में विश्वविद्यालय, महेंद्रगढ़ में केंद्रीय विवि, गुड़गांव में रक्षा विवि, रेवाड़ी में सैनिक स्कूल और अब जैनाबाद में इंजीनियरिंग कॉलेज की परियोजना शुरू की गई है। इनके अलावा इस क्षेत्र में पांच आईटीआई खोली गई हैं।

उन्होंने कहा कि अगर इन्हें निकाल दिया जाए तो दक्षिणी हरियाणा में क्या रह जाएगा। पिछली सरकार का जिक्र करते हुए हुड्डा ने कहा कि कोई एक बड़ा काम भी नहीं गिनाया जा सकता, जो पिछली सरकार ने इस क्षेत्र के लिए किया हो। पिछले लगभग नौ वर्षों के कार्यकाल में उनकी सरकार ने हरियाणा के हर क्षेत्र का विकास किया है और समाज के हर वर्ग के लिए कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं।
विज्ञापन


विधायक राव यादवेंद्र सिंह का जिक्र करते हुए हुड्डा ने कहा कि वे इस क्षेत्र के विकास में लगे हुए हैं। उन्होंने व दीपेंद्र ने कहा कि इस क्षेत्र में राव बीरेंद्र सिंह के नाम पर इंजीनियरिंग कॉलेज खोला जाना चाहिए। उन्होंने तकनीकी शिक्षा के प्रधान सचिव धनपत सिंह को निर्देश दिए हैं कि इस कॉलेज का सत्र इसी वर्ष शुरू हो जाना चाहिए। इसके लिए लिसाना बहुतकनीकी संस्थान में कक्षाएं शुरू की जा सकती हैं। इसमें इलेक्ट्रिकल, मेकेनिकल, सिविल और कंप्यूटर इंजीनियरिंग के चार पाठ्यक्रम होंगे।

सांसद हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में यह तीसरा इंजीनियरिंग कॉलेज है। इससे पहले एक इंजीनियरिंग कॉलेज मुरथल में सर छोटूराम के नाम पर, दूसरा सिरसा में देवीलाल के नाम पर और तीसरा कॉलेज जैनाबाद में राव बीरेंद्र सिंह के नाम पर बनाया जा रहा है। विधायक राव यादवेंद्र सिंह ने खराब मौसम के बावजूद समय निकालकर यहां आने और इंजीनियरिंग कॉलेज का शिलान्यास करने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया।   

ये रहे मौजूद  
रैली में सीपीएस राव दान सिंह, सीपीएस अनीता यादव, पूर्व मंत्री शकुंतला भगवाड़िया, उपायुक्त सीजी रजनीकांथन, एसपी पंकज नैन सहित अन्य मौजूद रहे।

इन परियोजनाओं का किया उद्घाटन
सीएम ने डहीना मे वाटर सप्लाई स्कीम का शिलान्यास, जैनाबाद राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज भवन का शिलान्यास, डहीना व जाटूसाना सड़क को चौड़ा करने का शिलान्यास, ढाणी खड़बंद, लुहाना में वाटर सप्लाई का शिलान्यास, नहाड़ कॉलेज में भव्य हॉल का उद्घाटन, भरंगी से बिसोआ तक लिंक रोड का उद्घाटन, विसोआ से मुमताजपुर तक सड़क निर्माण का शिलान्यास, खुर्शीद नगर से झोलरी लिंक रोड का शिलान्यास, गुर्जरवास व नाहड़ में वाटर वर्क्स का शिलान्यास, मुमताजपुर में वाटर सप्लाई का शिलान्यास, गुरावड़ा में राजकीय कन्या कॉलेज के भवन का उद्घाटन, बालावास से कोसली तक सड़क चौड़ा करने का शिलान्यास, बालावास से हेली मंडी तक सड़क चौड़ी करने का शिलान्यास किया।

भाई के साथ नहीं, कांग्रेस में ही रहूंगा : राव
इंसाफ मंच के संस्थापक सांसद राव इंद्रजीत सिंह के भाई और कोसली के विधायक राव यादवेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री की जैनाबाद जनसभा में इन अफवाहों को विराम दिया कि वे अपने भाई इंद्रजीत सिंह के साथ जाएंगे। उन्होंने कहा कि उनके बारे में तरह-तरह की अफवाहें चलती रहती हैं। वे कांग्रेस में है और कांग्रेस में ही रहेंगे और कोसली से ही अगला चुनाव लड़ेंगे।  

मुख्यमंत्री के आने के बाद भी पंडाल रहा खाली   
मुख्यमंत्री की जैनाबाद जनसभा में महिलाओं की भागीदारी तो काफी संख्या में रही, किंतु लोगों में जोश व उत्साह कम देखा गया। इतना ही नहीं, जब मुख्यमंत्री जनसभा के मंच पर पहुंचे तो काफी बड़ी संख्या में खाली पंडाल को लेकर लोगों की जुबान पर यह भी था कि इस क्षेत्र के साथ रोजगार के मामले में भेदभाव की नीति अपनाई जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें