नेशनल हाईवे को सिक्स लेन होने के बाद शहर का ज्यादातर ट्रैफिक सर्विस रोड पर चलेगा। हाईवे का इस्तेमाल केवल लंबे रूट के वाहन करेंगे। ताकि दिल्ली-मथुरा-आगरा आने-जाने वाले लोग फर्राटा भर सकें।
इसको ध्यान में रखकर प्रोजेक्ट तैयार किया गया है। अधिकारियाें के मुताबिक शहर में हाईवे के दोनों तरफ दो-दो लेन सर्विस रोड को तैयार किया जाएगा। जिस पर से शहर का ट्रैफिक गुजारने की योजना है। सर्विस रोड सात-सात मीटर चौड़ी होगी। आपको सीधे बल्लभगढ़ या बदरपुर जाना है तो आप लंबे रूट के लेन में चल सकेंगे। बदरपुर से आगरा तक पूरे प्रोजेक्ट में सर्विस रोड दोनों तरफ मिलाकर 204 किलोमीटर होगी। इसमें फरीदाबाद, पलवल, मथुरा और आगरा शहर का हिस्सा शामिल होगा।
पैदल यात्रियों के लिए भी रखा जाएगा ख्याल
-हाईवे पर फर्राटा भरते वाहन और सर्विस रोड पर शहर का ट्रैफिक गुजारने से पैदल यात्रियों के लिए कहीं भी जगह नहीं होगी। इसके लिए एनएचएआई (राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) ने मेट्रो पिलर के साथ-साथ दो मीटर का फुटपाथ तैयार करने की योजना बनाई है। यह फुटपाथ बदरपुर बार्डर (20.5 किलोमीटर) से बल्लभगढ़ रेलवे ओवर ब्रिज (36 किलोमीटर) तक बनेगा।
- पलवल सेक्शन में काम शुरू हो गया है। एनएचएआई के अधिकारियों ने बताया कि फरीदाबाद सेक्शन में फरवरी 2014 से शहर में सिक्स लेन बनाने की योजना पर काम शुरू होगा।
करीब एक किलोमीटर के होंगे फ्लाई ओवर.....
- एनएचएआई ने शहर के अंदर पड़ने वाले सभी 6 मुख्य चौराहों के लिए फ्लाईओवर तैयार करने का फैसला लिया है। हर फ्लाईओवर लगभग एक किलोमीटर का होगा। उनके दोनों ओर 400-400 मीटर के स्लोप तैयार होंगे।
यह है प्रोजेक्ट
दिल्ली से आगरा तक करीब 180 किलोमीटर नेशनल हाईवे-2 को छह लेन का बनाया जा रहा है। इससे दिल्ली से आगरा आना-जाना सुगम हो जाएगा और इसके बीच पड़ने वाले शहरों में जाम नहीं लगेगा।
कोट
‘फरवरी में फरीदाबाद सेक्शन का काम शुरू कर दिया जाएगा। तीन वर्ष में प्रोजेक्ट को पूरा किया जाना है। इसको ध्यान में रखकर कार्य किया जा रहा है’। - मनोज कुमार गुप्ता, प्रोजेक्ट डाइरेक्टर, एनएचएआई फरीदाबाद।