अर्बन एस्टेट थाना के अंतर्गत गांव बोहर स्थित स्कूल के बाहर से बारह वर्षीय बच्चे को अगवा कर लिया गया। बाद में बच्चे के कपडे़ जवाहरलाल कैनाल के पास पड़े मिले। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई है। बच्चे की तलाश के लिए गोताखोर भी कैनाल में उतारे गए हैं। वहीं पुलिस कार्रवाई से नाराज परिजनों ने रोहतक-सोनीपत मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम के दौरान वाहनों की लंबी कतारें लग गई।
पुलिस के अनुसार गांव बोहर स्थित एक स्कूल से पांचवीं कक्षा का छात्र नवनीत उर्फ निक्का (12) संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। परिजनों ने काफी स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। स्कूल के स्टाफ ने बताया कि छुट्टी के बाद नवनीत स्कूल से चला गया था। देर शाम तक वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। जब नवनीत के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली तो परिजन अर्बन एस्टेट थाना पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने नवनीत के पिता रविंद्र के बयान पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया।
शुक्रवार सुबह तलाश के दौरान परिजनों को सोनीपत रोड स्थित जवाहरलाल कैनाल के पास नवनीत के कपडे़ पड़े मिले। परिजनों ने इसकी सूचना अर्बन एस्टेट पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई, जिस पर पुलिस ने बच्चे की तलाश के लिए कैनाल में गोताखोर भी उतारे।
पुलिस द्वारा इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई न करने से नाराज होकर परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर रोहतक-सोनीपत मार्ग पर शाम पांच बजे जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलने पर अर्बन एस्टेट पुलिस और पुलिस उपाधीक्षक मौके पर पहुंचे, लेकिन परिजनों ने जाम खोलने से इंकार कर दिया। समाचार लिखे जाने तक जाम जारी था।