संवाद न्यूज एजेंसी
बाढड़ा। गांव कारी आदू स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में मंडलस्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता का आयोजन संसदीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार और निदेशक, राज्य शैक्षणिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, गुरुग्राम की ओर से किया गया। युवा संसद में छात्रों ने विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर सकारात्मक बहस की और अपने विचारों एवं भाषण कला से सभी को प्रभावित किया।
गत दिनों आयोजित जिलास्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता में कारी आदू की युवा संसद टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चरखी दादरी जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। इस उपलब्धि के बाद मंडलस्तरीय प्रतियोगिता में गांव कारी आदू की टीम ने वीरवार को भी शानदार प्रस्तुति दी।
प्रतियोगिता के अवलोकन के लिए 21 डाइट्स से प्रवक्ता डॉ. दलबीर, डॉ. विजय कुमार और डॉ. विकास कुमार आदि उपस्थित रहे। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी, बाढड़़ा जलकरण ने कार्यक्रम में उपस्थित होकर प्रतिभागी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवाओं में नेतृत्व कौशल, तर्कशक्ति और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भूमिका निभाती हैं।
फोटो 40
गांव कारी आदू में आयोजित मंडलस्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता को संबोधित करते खंड शिक्षा अधिकारी जलकरण सिंह। स्रोत : विभाग