माई सिटी रिपोर्टर
चरखी दादरी/बाढड़ा। गांव निमड़-बड़ेसरा में वीरवार देर रात रास्ते के विवाद में सचिन ने चचेरे भाई मनदीप (28) की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। मारपीट के दौरान मनदीप के परिवार के चार सदस्य जबकि दूसरे पक्ष से आरोपी सचिन घायल हो गया। बताया जा रहा है कि एक अक्तूबर को मनदीप ने सचिन को गली में कार का साउंड तेज आवाज में बजाने और भैंस को टक्कर मारने का विरोध किया था।
मनदीप के घर वाले घायलों को लेकर सीएचसी गोपी गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेफर कर दिया गया। नागरिक अस्पताल में मनदीप को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज चल रहा है।
पुलिस को दी शिकायत में मनदीप के पिता कर्मबीर ने बताया कि गुमान उर्फ सचिन 1 अक्तूबर की रात सवा बजे कार लेकर उनके घर के पास आया और गली में बंधी भैंस को टक्कर मार दी। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो गुमान ने अपने परिजनों के साथ मिलकर गाली-गलौज करते हुए डंडों से हमला कर दिया। हमले में मनदीप और कमलेश को गंभीर रूप से चोटें लगीं। वे मनदीप को बेहोशी की हालत में पहले सीएचसी गोपी लेकर पहुंचे। वहां से उन्हें दादरी और फिर पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया।
पीजीआई से उपचार के बाद वे 2 अक्तूबर को घर लौट आए। आरोप है कि इसी दिन रात करीब 10 बजे, जब पूरा परिवार सो रहा था, गुमान सिंह और उसके माता-पिता व करीब 7-8 अन्य हथियारबंद लोग उनके घर में घुस आए। सभी शराब के नशे में थे। उनके पास डंडे, कुल्हाड़ी, हॉकी व अन्य हथियार थे।
आते ही उन्होंने मनदीप पर कुल्हाड़ी से वार किया, जिससे वह बेहोश हो गया। हमले में उसकी बेटी सुनीता, पत्नी कमलेश, भतीजा प्रदीप और स्वयं कर्मबीर को चोटें आईं। घायलों को पहले सीएचसी गोपी और फिर नागरिक अस्पताल दादरी ले जाया गया। जांच के बाद चिकित्सकों ने मनदीप को मृत घोषित कर दिया। अन्य का इलाज चल रहा है।
मनदीप और हमलावर एक ही परिवार के : मनदीप और सचिन की मां सगी बहनें बताई जा रही हैं। दोनों के पिता भी सगे भाई हैं। दोनों परिवारों ने खेत में मकान बनाया हुआ है। इनका रास्ता एक ही है। उस रास्ते पर पहले मनदीप का घर है, उसके बाद चचेरे भाई सचिन का घर है। रास्ते के विवाद में दोनों में झगड़ा हुआ।