चरखी दादरी। दादरी जिला पुलिस की टीम ने एक युवक को अवैध रूप से शराब ले जाते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि बाढड़ा थाना पुलिस की एक टीम शनिवार रात को गांव काकड़ोली हुकमी बस अड्डे के समीप गश्त कर रही थी। उसी दौरान टीम को सूचना मिली कि गांव काकड़ोली हुक्मी निवासी एक युवक अवैध रूप से शराब बेचता है और अभी वह गांव लाडावास की तरफ से अपनी बाइक पर अवैध शराब लेकर आएगा।
सूचना पाकर हेड कांस्टेबल विकास ने टीम के साथ गांव लाडावास की तरफ जाने वाले मार्ग पर नाकेबंदी की। कुछ देर बाद टीम को बाइक पर एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर युवक बाइक को वापस मोड़कर भागने लगा लेकिन टीम ने उसे काबू कर लिया। तलाशी लेने पर टीम को उसकी बाइक पर बंधे एक प्लास्टिक बैग से देशी शराब की 24 बोतलें बरामद हुईं। आरोपी की पहचान गांव काकड़ोली हुक्मी निवासी नवीन के रूप में हुई है।
पुलिस ने बरामद शराब व बाइक को अपने कब्जे में लिया तथा युवक के खिलाफ बगैर लाइसेंस या परमिट के शराब रखने पर आबकारी अधिनियम की धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज करते हुए गिरफ्तार किया।