मृतक विक्रम। फाइल फोटो
फोटो 27
कंहेटी गांव में घटनास्थल पर जांच करती एफएसएल और सदर थाना पुलिस टीम। संवाद
- कंहेटी निवासी युवक के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर दादरी सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया, पिता ने साथ शराब पीने वाले तीन दोस्तों पर लगाया हत्या कर मकान के पीछे शव डालने का आरोप
- शनिवार सुबह होगा शव का पोस्टमार्टम, आंख और चेहरे पर मिले चोट के निशान
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। कंहेटी गांव निवासी एक युवक का शव शराब ठेका के समीप स्थित बंद मकान के पीछे से बरामद हुआ है। मृतक विक्रम (24) के पिता बलबीर सिंह ने उसके तीन दोस्तों पर हत्या कर शव वहां डालने का आरोप लगाया है। सदर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल, विक्रम के तीन दोस्तों पर हत्या का केस दर्ज किया गया है।
इमलोटा चौकी प्रभारी एएसआई संदीप कुमार ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे पुलिस को सूचना मिली कि कंहेटी गांव में नरेंद्र के बंद मकान के पीछे कंहेटी गांव निवासी विक्रम का शव पड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। इसके बाद एफएसएल टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने वहां से साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। उसके बाद शाम साढ़े पांच बजे शव दादरी नागरिक अस्पताल लाया गया।
वहीं, विक्रम के पिता बलबीर सिंह ने बताया कि उनका छोटा बेटा विक्रम वीरवार रात अपने दोस्तों कंहेटी निवासी साहिल और बलकरा निवासी कृष्ण व संदीप के साथ कंहेटी गांव निवासी नरेंद्र के बंद मकान की छत पर बैठकर शराब पी रहा था। उसके दोस्तों ने ही विक्रम की हत्या कर शव मकान के पीछे डाल दिया। इसके बाद वहां से भाग निकले।
बलबीर सिंह ने पुलिस से हत्याकांड की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
वहीं, बलबीर सिंह की शिकायत पर पुलिस ने तीनों दोस्तों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, पुलिस को घटनास्थल के समीप से शराब की तीन खाली बोतलें बरामद हुईं।
- रात को मां से हुई थी बात
पुलिस सूत्रों की मानें तो विक्रम की वीरवार रात अपनी मां से फोन पर बात हुई थी। उस दौरान विक्रम ने बताया था कि वह अपने दोस्तों के साथ है। इतना ही नहीं, विक्रम ने मां से कहा था कि वह उसके तीन दोस्तों का भी खाना बना दें। इसके बाद विक्रम घर नहीं आया। उसकी मां ने कॉल की तो मोबाइल बंद आया।
- दो आरोपी सुबह पहुंचे कंहेटी गांव
इमलोटा चौकी प्रभारी ने बताया कि बलकरा निवासी कृष्ण और संदीप विक्रम के दोस्त थे। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे वे कंहेटी गांव पहुंचे। उन्होंने ही विक्रम का शव नरेंद्र के मकान के पीछे पड़ा होने की सूचना दी। इसके बाद सरपंच प्रतिनिधि अजय समेत अन्य ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। उसके बाद पुलिस को सूचित किया।
वर्सन:
मृतक विक्रम के पिता बलबीर सिंह के बयान पर बलकरा निवासी कृष्ण व संदीप समेत कंहेटी निवासी साहिल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। चारों दोस्तों ने वीरवार रात शराब पी थी। घटनास्थल के समीप से शराब की तीन बोतलें बरामद हुई हैं। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
-संदीप कुमार, एएसआई एवं इमलोटा पुलिस चौकी प्रभारी