चरखी दादरी। जिला पुलिस के सीआईए स्टाफ ने एक युवक को 6 कारतूस और तीन खाली खोल के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी जिले के गांव हड़ौदा कलां का रहने वाला कपिल उर्फ मुन्ना था।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि हेड कांस्टेबल विकास, सिपाही सुधीर, सिपाही मंजीत, ईएएसआई कुलदीप गांव हड़ौदा बस अड्डे के समीप गश्त कर रहे थे। उसी दौरान टीम को सूचना मिली कि गांव हड़ौदा कलां निवासी एक युवक कारतूस के साथ हड़ौदा कलां नहर के पास खड़ा है। सूचना मिलने पर हेड कांस्टेबल विकास अपनी टीम के साथ हड़ौदा कलां नहर के पास पहुंचा तो वहां एक युवक दिखाई दिया। शक के आधार पर टीम ने उसे काबू किया तो उसकी पहचान कपिल उर्फ मुन्ना के रूप में हुई।
टीम द्वारा तलाशी लेने पर उसके पास से छह कारतूस व तीन खाली खोल बरामद हुए। पुलिस ने बरामद कारतूसों को कब्जे में लेकर शस्त्र अधिनियम की धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद आरोपी को शनिवार को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।