पंचायत प्रतिनिधियों के साथ आनंद डालावास।
- फोटो : 1
बाढड़ा। पंचायत समिति की चेयरपर्सन दर्शना देवी डालावास ने पंचायत समिति कोटे से सार्वजनिक कामकाज व स्वच्छ पेयजल आपूर्ति के लिए गांव लाड व मांढी पिरानू को पेयजल टैंकर वितरित करते किए और जल्द ही और टैंकर भेजने की घोषणा की है। पंचायत समिति चेयरपर्सन दर्शना आनंद डालावास ने गांव लाड, मांढी पिरानू में आयोजित कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों को पेयजल टैंकर वितरण करते हुए कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार हर गांव, वार्ड व घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जिन गांवों को वाटर टैंकर नहीं मिले हैं उनको भी जल्द ही मुहैया करवाए जाएंगे। दर्शना ने कहा कि जलदान महादान है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने कृषि क्षेत्र में सूक्ष्म सिंचाई को बढ़ावा देने के लिए अनेक योजनाएं आरंभ की हैं। विश्व बैंक के सहयोग से जल संरक्षण परियोजना के तहत 5,700 करोड़ रुपये के ऋण को मंजूरी दी गई है। वर्ष 2026 से 2032 तक चरणबद्ध रूप से यह राशि खर्च की जाएगी। परियोजना के तहत प्रदेश की शेष 678 नहरों और 1,961 नहरी खालों का जीर्णोद्धार किया जाएगा। करीब 70 हजार एकड़ भूमि में सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली लागू होगी। जलभराव से प्रभावित करीब 2 लाख एकड़ भूमि में जल निकासी की व्यवस्था होगी। दक्षिणी हरियाणा में 80 जल निकायों के निर्माण व 4 सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांटों के उपचारित जल से 28 हजार एकड़ भूमि की सिंचाई होगी। नहरों का नेटवर्क पक्का होगा और किसानों को सिंचाई व जल संरक्षण में दीर्घकालिक लाभ मिलेगा। इस अवसर पर आनंद डालावास, सरपंच प्रद्युमन शर्मा, बीडीसी संजय कुमार, रामबीर मान, अनिल पिलानिया, बीडीसी अमित कुमार, सरपंच मनोज कुमार, सोमबीर सिंह मौजूद रहे।