डाढी बाणा निवासी आरोपी को पुलिस टीम ने किया काबू, झोझूकलां थाने में केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
झोझूकलां। गांव मंदोली के समीप फ्लाईओवर के नीचे अवैध हथियार लिए खड़े युवक को पुलिस टीम ने काबू कर लिया। उसके पास से पुलिस को एक देसी पिस्टल, दो मैगजीन व 9 कारतूस बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ झोझूकलां पुलिस थाने में सशस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस प्रवक्ता पवन कुमार ने बताया कि हेड कांस्टेबल अमित की टीम अपराध की रोकथाम के लिए गांव आदमपुर में मौजूद थी। उसी दौरान सूचना मिली कि मंदोली गांव के समीप दादरी-महेंद्रगढ़ रोड पुल के पास एक युवक अवैध हथियार लिए खड़ा है। वह कहीं जाने की फिराक में है।
इसके बाद पुलिस टीम ने वहां दबिश दी तो एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में खड़ा मिला। संदेह के आधार पर टीम ने उसे काबू कर लिया। पूछताछ करने पर उसने अपनी पहचान गांव डाढी बाणा निवासी विजय के रूप में बताई। बाद में पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली तो उसकी जेब से एक देसी पिस्तौल व एक मैगजीन मिली। जांच करने पर पिस्तौल से एक मैगजीन व चार कारतूस और दूसरी मैगजीन से पांच कारतूस मिले।