- चिड़िया निवासी युवक के भागवी में होने का पुलिस टीम को मिला था इनपुट, काबू कर पूछताछ करने के बाद आरोपी ने बरामद करवाए पिस्टल और कारतूस
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। एक मामले के वांछित चिड़िया निवासी युवक को स्पेशल स्टाफ ने भागवी गांव के अड्डे से काबू कर लिया। इसके बाद उसकी निशानदेही पर भागवी निवासी उसके मामा के घर से अवैध पिस्टल, 5 कारतूस और दो मैगजीन बरामद कर लिए। चिड़िया निवासी धर्मेंद्र उर्फ धर्मा के खिलाफ सदर पुलिस थाने में सशस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया।
एएसआई नरेंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार को उनकी टीम अपराध की रोकथाम के लिए गांव समसपुर में तैनात थी। उसी दौरान सूचना मिली कि चिड़िया निवासी धर्मेंद्र उर्फ धर्मा एक मामले में पुलिस का वांछित है। वह अवैध हथियार रखता है। वह फिलहाल भागवी अड्डे पर मौजूद है। वह कहीं जाने की फिराक में है। टीम ने सूचना के आधार पर भागवी अड्डे पर दबिश दी और संदेहजनक अवस्था में खड़े युवक से पूछताछ की तो उसने अपनी पहचान चिड़िया निवासी धर्मेंद्र उर्फ धर्मा के रूप में बताई।
पुलिस ने जब उससे अवैध हथियार के संबंध में पूछताछ की तो उसने बताया कि हथियार उसने मामा के पुराने बंद मकान में रखे एक बैग के अंदर छुपाकर रखा हुआ है। इसके बाद पुलिस उसे लेकर उक्त मकान में पहुंची और वहां रखे बैग की जांच की तो एक पिस्टल बरामद हुई। खोलकर जांच करने पर इसमें पांच कारतूस लोड मिले। वहीं, बैग से एक खाली मैगजीन भी बरामद हुई। इसके बाद टीम ने अवैध असलहा को अपने कब्जे में लेकर आरोपी धर्मेंद्र उर्फ धर्मा को गिरफ्तार कर लिया।