बाढड़ा। गांव डांडमा से अपराध शाखा टीम ने अवैध हथियार से लैस एक युवक को नशीले पदार्थ सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस को आरोपी से देसी रिवॉल्वर, कारतूस व 550 ग्राम गांजा बरामद हुआ है। आरोपी के खिलाफ बाढड़ा थाने में सशस्त्र व मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एएसआई रणबीर सिंह ने बताया कि वीरवार को उनकी टीम अपराध की रोकथाम के लिए द्वारका बस अड्डे पर मौजूद थी। उसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि गांव डांडमा निवासी कुलदीप उर्फ विक्की नशा तस्करी का काम करता है। इस समय वह अपने गांव के बस स्टैंड पर खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर वहां खड़े युवक को दबोच लिया और पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना नाम कुलदीप उर्फ विक्की बताया। इसके बाद तलाशी लेने पर उसके पास से उक्त सामान मिला। इस पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और थाने में ले आई।