चरखी दादरी। सीआईए स्टाफ-2 चरखी दादरी की टीम ने एक युवक को अवैध देसी कट्टे और चार कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव कलियाणा निवासी अंकित उर्फ पहलवान के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ थाना शहर दादरी में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार को सीआईए-2 की टीम में शामिल एएसआई मुकेश कुमार और ईएचसी विकास गश्त के दौरान महेंद्रगढ़ चौक पर मौजूद थे। इसी दौरान टीम ने सूचना के आधार पर सेक्टर 8/9 में कलियाणा रोड के पास एक युवक को काबू किया। पूछताछ के दौरान युवक ने अपनी पहचान अंकित उर्फ पहलवान निवासी गांव कलियाणा, जिला चरखी दादरी के रूप में बताई। तलाशी लेने पर उससे एक अवैध देसी कट्टा और चार कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने हथियार और कारतूस कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ थाना शहर दादरी में शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद शनिवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।