चरखी दादरी। जिला पुलिस की टीम ने गांव चरखी से एक युवक को 122 ग्राम चरस, 149 ग्राम गांजा पत्ती व नौ ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी महेंद्रगढ़ जिले के गांव दौगडा जाट का रहने वाला कुलदीप है। वह गांव चरखी में अपने मामा के यहां आया हुआ था। पुलिस की ओर से आगामी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार को दादरी सदर थाना पुलिस की टीम एएसआई अवनीत, हेड कांस्टेबल ओमबीर, हेड कांस्टेबल अनिल, चालक सिपाही संजय गांव चरखी बस अड्डे के समीप गश्त कर रहे थे। उसी दौरान एएसआई अवनीत को सूचना मिली कि महेंद्रगढ़ जिले के गांव दौगडा जाट निवासी एक युवक नशीले पदार्थ चरस, गांजा व हेरोइन खरीदने व बेचने का काम करता है और वह अभी गांव चरखी में 2-3 दिन से अपने मामा के घर आया हुआ है। साथ ही सूचना मिली कि अभी वह गांव चरखी में तालाब के पास से मेन फिरनी से होता हुआ बस अड्डे की तरफ जाएगा।
जिस पर पुलिस टीम ने गांव चरखी में तालाब के पास मेन फिरनी पर नाकाबंदी की। कुछ देर बाद टीम को एक युवक अपने हाथ में बैग लेकर आता दिखाई दिया जो पुलिस को देखकर वापस भागने की कोशिश करने लगा लेकिन टीम ने उसे काबू कर लिया। उसने अपना नाम कुलदीप निवासी दौगड़ा जाट बताया।
ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर डीएसपी रमेश कुमार स्टाफ के साथ गांव चरखी में पहुंचे। नियमानुसार तलाशी लेने पर युवक के पास मौजूद बैग से पांच अलग-अलग पॉलीथिन मिलीं। जांच करने पर तीन पॉलीथिन में गांजा पत्ती, एक पॉलीथिन में चरस व एक पॉलीथिन में हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुआ। उससे कुल 122 ग्राम चरस, 149 ग्राम गांजा पत्ती व 9 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुआ। बरामद नशीले पदार्थों को पुलिस ने कब्जे में लेकर युवक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।