चरखी दादरी। दादरी जिले के गांव खेड़ी बत्तर निवासी एक व्यक्ति ने अपने परिचित एक युवक पर उसके घर में अलमारी में रखी हजारों रुपये की नकदी व आभूषण चुराने का आरोप लगाया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
गांव खेड़ी बत्तर निवासी छोटू राम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एक स्टोन क्रशर पर बतौर मुंशी काम करता है। एक अन्य स्टोन क्रशर पर काम करने वाले एक युवक विक्रम के साथ उसकी दोस्ती हुई थी। उसके बाद उसका दोस्त काम छोड़कर वापस अपने घर चला गया था।
उसने बताया कि आठ जनवरी को विक्रम काम करने के बहाने से उसके पास रात को घर आ गया। उसके बाद वह तथा उसकी पत्नी पड़ोस में परिवार के सदस्य की मौत होने पर गए हुए थे। उस समय विक्रम उनके घर पर ही सो रहा था।
छोटू राम के अनुसार शनिवार को उसने घर का सामान लाने के लिए रुपये लेने थे तो उसने देखा तो अलमारी के ऊपर रखी चाबी नहीं मिली। उसने बेड से दूसरी चाबी निकाल कर खोलकर देखा तो उसमें रखी करीब 40 हजार रुपये की नकदी, सोने की अंगूठी, सोने की बाली व तीन जोड़ी चांदी की पाजेब लॉकर से गायब थी।